सीबीएसई को मिला नया अध्यक्ष: आईएएस मनदीप भंडारी संभालेंगे कमान

HIGHLIGHTS
- मनदीप के भंडारी अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेशों वाले कैडर से हैं।
- CBSE अध्यक्ष बनने से पहले वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव थे।
- उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस बदलाव के तहत 2001 बैच के आईएएस अधिकारी मनदीप के भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति से मंजूरी मिलने के बाद कार्मिक मंत्रालय ने आदेश जारी किया।
जम्मू-कश्मीर में तैनात थे मनदीप भंडारी
मनदीप भंडारी 2001 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम व केंद्र शासित प्रदेशों वाले कैडर से आते हैं। सीबीएसई अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर कार्यरत थे।
लोखंडे प्रशांत सीताराम के पास था अतिरिक्त प्रभार
मनदीप भंडारी की नियुक्ति से पहले सीबीएसई अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम संभाल रहे थे। उन्हें दो जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही सीबीएसई अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई थी।
इससे पहले दो जून को लोखंडे प्रशांत सीताराम को सीबीएसई का प्रमुख बनाया गया था। उस समय बोर्ड में ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान तत्कालीन अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद सीताराम को सीबीएसई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
कई अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
केंद्र सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग और जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं हाइड्रोकार्बन महानिदेशक श्रीकांत नागुलापल्ली को व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
वी. पोन्नूराज को हाइड्रोकार्बन का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह 2000 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। सरिता चौहान चंद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।
आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है। पीयूष सिंह बिजली मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव होंगे।
अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं मनीषा सेंसरमा को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.