सोनिया गांधी की किताब में खुलासा: जन्म के अगले दिन हुई थी पहले बेटे की मौत, मेनका से विवाद का भी किया जिक्र

HIGHLIGHTS
- सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में पहली संतान को खोने का दर्द साझा किया है।
- 18 जनवरी 1969 को सोनिया ने बेटे को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के अगले दिन बच्चे की मौत हो गई।
- राजीव और संजय गांधी ने मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में बच्चे को दफनाया था।
- सोनिया ने बताया कि इंदिरा गांधी बेटे की मौत की खबर मिलते ही अपना दौरा बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंची थीं।
सितंबर 1968 में गांधी परिवार के घर एक खुशखबरी आई। सोनिया गांधी गर्भवती थीं और यह जानकर पूरा परिवार बेहद खुश था। आमतौर पर गंभीर रहने वाली इंदिरा गांधी भी अपनी खुशी नहीं छिपा सकीं। उन्होंने होने वाली मां सोनिया को गले लगाया और चूमा। इसके बाद मुस्कुराते हुए कहा, 'एक बड़ा बच्चा एक और बच्चे को जन्म देने वाला है!' हालांकि, परिवार की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी।
18 जनवरी 1969 को सोनिया गांधी ने एक बेटे को जन्म दिया। बच्चे का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ था, लेकिन वह निर्धारित समय से दो महीने पहले पैदा हुआ था। उसके जन्म से परिवार में खुशियां थीं, मगर अगले ही दिन यह खुशी मातम में बदल गई। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में पहली बार इस दर्दनाक घटना का विस्तार से जिक्र किया है। मंगलवार को बाजार में आई इस किताब में उन्होंने बताया है कि उनके पति राजीव गांधी और देवर संजय गांधी ने बेटे को मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाया था।
बेटे को पहली बार देखकर कैसा महसूस हुआ था?
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि जन्म के बाद बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया था। इसी दौरान उन्होंने पहली बार उसकी रोने की आवाज सुनी। कुछ समय बाद राजीव गांधी उन्हें बच्चे को दिखाने के लिए लेकर गए। सोनिया के मुताबिक, वह बेहद छोटा, पूरी तरह विकसित और सुंदर बच्चा था। उसके घने काले बाल थे और उंगलियां लंबी व पतली थीं।
उन्होंने लिखा है कि वह और राजीव काफी देर तक बच्चे को देखते रहे। राजीव का हाथ उनके कंधे पर था। दोनों को पहली नजर में ही उससे प्यार हो गया था।
हार्परकॉलिन्स की ओर से प्रकाशित किताब में सोनिया ने अपनी जिंदगी के इस बेहद निजी और भावुक अनुभव को साझा किया है। हालांकि, बच्चे के जन्म के साथ मिली खुशी जल्द ही खत्म हो गई। राजीव को पहले ही बता दिया गया था कि बच्चे के जीवित रहने की संभावना को लेकर आशंका है।
सुबह साढ़े छह बजे बच्चे के साथ क्या हुआ?
सोनिया गांधी ने बताया कि उस समय एमी आंटी उनके पास मौजूद थीं। सुबह करीब साढ़े छह बजे बच्चे की मौत हो गई। राजीव गांधी ने उन्हें बहुत धीरे से यह दुखद खबर दी।
सोनिया लिखती हैं कि यह सुनते ही उनके मुंह से बार-बार यही निकला, 'नहीं, ऐसा नहीं हो सकता! क्यों, क्यों?' वह और राजीव दोनों सदमे में थे। उन्होंने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया और सोनिया फूट-फूटकर रोने लगीं। राजीव की परवरिश भले ही अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करने वाले माहौल में हुई थी, लेकिन उस दिन वह भी बहुत रोए। एमी कृष्णा उस समय इंदिरा गांधी के स्टाफ का हिस्सा थीं।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही इंदिरा गांधी ने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया। वह उस समय शहर से बाहर थीं, लेकिन खबर मिलते ही अस्पताल पहुंच गईं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा ने वहां पहुंचकर उन्हें और राजीव को गले लगाया। उनकी आंखें लाल थीं और सूजी हुई थीं। वह काफी देर तक दोनों के साथ बैठी रहीं।
इंदिरा गांधी ने कहा कि वह उनके पास ही रहना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अपना दौरा पूरा करना होगा। इसके बाद अगली सुबह वह जल्दी वहां से चली गईं। सोनिया लिखती हैं कि वह भी इस घटना से बेहद दुखी थीं। इंदिरा गांधी को भी परिवार में इस खुशी के आने का लंबे समय से इंतजार था।
बच्चे की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर परेशानी खड़ी हो गई। हिंदू परंपरा के मुताबिक, नवजात बच्चे का दाह संस्कार नहीं किया जा सकता था। सोनिया गांधी लिखती हैं कि उस समय नवजात बच्चों को आमतौर पर नदी में प्रवाहित कर दिया जाता था। उन्हें किसी कब्रिस्तान में दफनाने की भी अनुमति नहीं थी। ईसाई कब्रिस्तान में ऐसा करने से विवाद हो सकता था और पास में मौजूद पारसी कब्रिस्तान भी इसका विकल्प नहीं था।
सोनिया ने लिखा कि वह दुख से पूरी तरह टूट चुकी थीं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि बच्चे के अंतिम संस्कार के लिए क्या किया जाए। वह परिवार के लोगों की बातें सुन रही थीं, लेकिन उनके भीतर कुछ बोलने या प्रतिक्रिया देने की ताकत नहीं बची थी।
बच्चे को नदी में प्रवाहित करने से सोनिया ने क्यों किया इनकार?
नवजात को नदी में प्रवाहित करने की बात सुनकर सोनिया गांधी को एक पुरानी घटना याद आ गई। उन्होंने ओखला बैराज पर एक व्यक्ति का फूला हुआ शव देखा था। कचरे के ढेर के कारण शव की यात्रा रुक गई थी और पानी का बहाव उसे किनारे तक ले आया था। वहां भूखे आवारा कुत्ते शव को खींचने की कोशिश कर रहे थे।
इस घटना को याद करते हुए सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने धीरे से कहा, 'नहीं, चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं फेंकने दूंगी। चाहे नदी कितनी भी पवित्र क्यों न हो, मैं अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं कर सकती।'
यह कहते हुए वह फिर रोने लगीं। सोनिया ने लिखा कि वह अपने इतने छोटे बच्चे के साथ ऐसा करने की इजाजत खुद को कैसे दे सकती थीं। वह पहले ही जिंदगी जीने का मौका खो चुका था। ऐसे में उसके साथ यह व्यवहार उन्हें बिल्कुल अजनबी और निर्दयी लग रहा था।
मेहरौली में कहां दफनाया गया सोनिया और राजीव का पहला बेटा?
आखिरकार परिवार ने बच्चे को मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला किया। सोनिया गांधी के मुताबिक, यह फैसला लेना बेहद दर्दनाक था, लेकिन उनके पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था।
राजीव अस्पताल लौटे और सोनिया को बताया कि उन्होंने और संजय गांधी ने बच्चे को एक खूबसूरत गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे गहराई में दफना दिया है। उस समय झाड़ी पर पूरी तरह फूल खिले हुए थे। यह जगह फार्महाउस की अंदरूनी चारदीवारी के बाईं ओर थी।
सोनिया लिखती हैं कि लंबे समय तक जब भी वे उस फार्महाउस जाते थे, तो कुछ देर उस जगह पर रुकते और वहां एक फूल रख देते थे। इससे उनका दर्द तो कम नहीं हुआ, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
इंदिरा गांधी गर्भावस्था के दौरान सोनिया का कैसे रखती थीं ख्याल?
बच्चे की मौत से पहले गर्भावस्था के दिन सामान्य रूप से बीत रहे थे। इंदिरा गांधी सोनिया को खानपान, टहलने और व्यायाम को लेकर सलाह दिया करती थीं। सोनिया लिखती हैं कि अपनी मां के सामने वह किसी बात के लिए साफ मना कर सकती थीं, लेकिन राजीव की मां के सामने ऐसा करने का साहस उनमें नहीं था। उस समय वह उनकी बातों का विरोध नहीं कर पाती थीं।
सोनिया के मुताबिक, उनकी नियमित जांच होती थी और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं थी। उन्हें बस इतालवी खाना नहीं मिल पाने का मलाल रहता था। इसके अलावा उन्हें जामुन और फालसे जैसे फल खाने की इच्छा होने लगी थी। उन्हें संतरे के स्वाद वाला फैंटा पेय भी बहुत पसंद आने लगा था। वह रोजाना इसके 12 गिलास तक पी जाती थीं।
पहले बेटे को खोने के बाद सोनिया खुद को क्यों मानने लगी थीं दोषी?
पहली संतान की मौत का सदमा सोनिया गांधी के मन पर लंबे समय तक बना रहा। वह खुद को उदास, कमजोर और दोषी महसूस करने लगी थीं। इसी दौरान जब राजीव और सोनिया इस दुख से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में एक लेख प्रकाशित हुआ।
इस लेख की हेडलाइन थी- 'इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं।'
सोनिया गांधी ने लिखा है कि इस लेख में इस्तेमाल किए गए शब्दों ने उन्हें अंदर तक चोट पहुंचाई। वह सवाल करती हैं कि लोग इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं और आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए उन्हें इतनी नफरत का सामना करना पड़ा।
उनके मुताबिक, इस दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी ने बच्चे को खोने के दर्द को और बढ़ा दिया। साथ ही उनके भीतर अपनी कमी और दोषी होने का एहसास भी गहरा होता चला गया।
दूसरी बार गर्भवती होने की खबर कब मिली?
समय के साथ सोनिया गांधी का दुख धीरे-धीरे कम होने लगा। उन्होंने लिखा है कि धीरे-धीरे दुख के बादल छंटने लगे थे। इसी साल अक्टूबर में उन्होंने राजीव गांधी को एक और खुशखबरी दी। सोनिया ने बताया कि वह दोबारा गर्भवती हैं।
इस खबर से वह बेहद खुश थीं, लेकिन मन में पहले की घटना को लेकर डर भी था। इसके बाद 19 जून 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया।
सोनिया गांधी ने मेनका के साथ रिश्ते खराब होने की कहानी भी बताई
साल 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका गांधी से कराई गई थी। उस समय मेनका खूबसूरत और हंसमुख स्वभाव की लड़की थीं। वह संजय से 10 साल छोटी थीं और उस समय नाबालिग थीं। एक साल के भीतर ही दोनों की शादी हो गई। शादी के समय मेनका की उम्र 18 साल थी। इसके बाद वह गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में मेनका के परिवार में आने और उसके बाद पैदा हुए विवादों का भी जिक्र किया है। उन्होंने उस युवा लड़की के बारे में लिखा है, जो अपने जोशीले और बातूनी स्वभाव के लिए जानी जाती थी। परिवार की छोटी बहू बनने के बाद धीरे-धीरे घर और राजनीति में कई तरह के विवाद सामने आने लगे।
सोनिया लिखती हैं कि मेनका काफी उत्साही थीं। शुरुआत में परिवार में कम उम्र की देवरानी का होना उन्हें अच्छा लगा, लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा। छोटी-छोटी बातों पर भी परेशानियां होने लगीं।
घर में बहुरानी और छोटी बहू के बीच क्यों बढ़ने लगी दूरी?
गांधी परिवार के कर्मचारी सोनिया गांधी को 'बहुरानी' कहकर बुलाते थे। सोनिया का मानना था कि वह और मेनका परिवार की बराबर की बेटियां हैं और दोनों के रहने तथा अपनी जगह बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। हालांकि, सोनिया के मुताबिक, मेनका शायद इस व्यवस्था को अपने अपमान के रूप में देखती थीं।
सोनिया लिखती हैं कि जब मेनका उनसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो घर में शांति बनाए रखने के लिए वह अक्सर चुप रह जाती थीं। लेकिन जब उन्हें लगता था कि बात हद से आगे बढ़ रही है, तो वह भी चुप नहीं रहती थीं और मेनका को छोटा व सख्त जवाब देती थीं।
शादी के कुछ समय बाद ही संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के अन्य लोगों को भी दिखाई देने लगे थे। दोनों के बीच बहस बढ़ने लगी और उनकी आवाजें ऊंची होने लगीं। सोनिया के मुताबिक, नाराज होने पर मेनका गाली-गलौज करने लगती थीं। यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जिन्हें परिवार में बोलना मना था। इससे संजय शर्मिंदा होते थे और परिवार के दूसरे लोग हैरान रह जाते थे।
सोनिया ने यह भी लिखा है कि मिल-जुलकर रहने वाले परिवार में किसी ऐसी युवा लड़की के लिए तालमेल बैठाना आसान नहीं होता, जिसका स्वभाव मिलनसार हो और जो लोगों से घुलना-मिलना पसंद करती हो।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक जब भी वे उस फार्महाउस जाते थे, तो बेटे को दफनाने वाली जगह पर कुछ देर रुककर फूल रखते थे। इससे उनका दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन उन्हें धीरे-धीरे इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
मेनका के राजनीति में आने के बाद परिवार में क्या बदलाव हुए?
किताब के मुताबिक, जब मेनका संजय गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और सभाओं में जाने लगीं, तो परिवार के साथ उनका मेलजोल कुछ बढ़ा। हालांकि, सोनिया गांधी लिखती हैं कि धीरे-धीरे संजय पर मेनका का प्रभाव बढ़ने लगा। इसका असर संजय और राजीव के रिश्तों पर भी पड़ा।
कुछ महीने पहले तक दोनों भाई एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन अब उनके बीच संबंध बिगड़ने लगे थे।
आपातकाल के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ चुका था। इसके बाद वह इंटरव्यू में अपनी राय रखने लगे थे। वह सरकारी कामकाज की धीमी गति और नौकरशाही के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते थे। उनके कुछ विचारों को प्रधानमंत्री की आलोचना के तौर पर भी देखा जा सकता था।
संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ गुटों का समर्थन मिलने लगा था। हालांकि, उनकी मां इंदिरा गांधी को उनकी कुछ बातें पसंद नहीं थीं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा को लगता था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों को और बढ़ावा दे रही थीं।
इंदिरा गांधी ने मेनका के बारे में क्या टिप्पणी की थी?
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट सचिव पीएन धर से अपनी छोटी बहू को लेकर एक बार कहा था, 'उनके अभी से पर निकलने लगे हैं।'
1978 के चुनाव के बाद परिवार में क्यों बढ़ी कड़वाहट?
सोनिया गांधी के मुताबिक, 1978 के चुनाव में कांग्रेस की खराब स्थिति के लिए राजीव गांधी संजय गांधी को भी काफी हद तक जिम्मेदार मानते थे। इसके बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई।
किताब में लिखा है कि राजीव का मानना था कि संजय की जिद, जल्दबाजी, बिना अच्छी तरह सोचे योजनाओं को लागू करने की कोशिश और अच्छी सलाह को नजरअंदाज करना कांग्रेस के खराब नतीजों की बड़ी वजह थे। संजय ने कई काम ऐसे भी किए थे, जिनकी जानकारी उन्होंने अपनी मां को नहीं दी थी।
सोनिया गांधी ने परिवार के बीच हुई एक बातचीत का भी जिक्र किया है। वह लिखती हैं कि इस दौरान राजीव ने गुस्से में संजय से कहा था, 'मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है।'
सोनिया के मुताबिक, उनकी सास इस बात से परेशान और नाराज थीं। उन्होंने भी राजीव की बात का समर्थन करते हुए संजय से कहा कि राजीव सही कह रहे हैं। संजय ने कई बार उन्हें जानकारी दिए बिना आदेश जारी किए थे।
इसी बातचीत के दौरान मेनका ने भी हस्तक्षेप किया। इस पर इंदिरा गांधी ने अपनी आवाज ऊंची करते हुए उन्हें अपनी बात से इनकार करने की चुनौती दी। मेनका जल्द ही पीछे हट गईं, लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
मेनका की टिप्पणियों और आरोपों से क्यों परेशान था गांधी परिवार?
सोनिया गांधी लिखती हैं कि मेनका की व्यंग्य भरी टिप्पणियां परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बन रही थीं। उनके मुताबिक, मेनका परिवार के लोगों को अपना दुश्मन मानती थीं। वह अपने संपर्क वाले पत्रकारों के जरिए परिवार को लेकर कई तरह की कहानियां भी फैलाती थीं।
सोनिया ने बताया कि परिवार को सबसे ज्यादा दुख उस खबर से हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि चुनाव में हार के बाद राजीव और सोनिया गांधी देश छोड़कर भागना चाहते थे।
संजय गांधी की मौत के बाद परिवार में क्या हुआ?
23 जून 1980 को विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई। इसके बाद गांधी परिवार के भीतर परिस्थितियां और गंभीर हो गईं।
सोनिया गांधी के मुताबिक, ऐसी चर्चा थी कि मेनका की मां कांग्रेस में संजय के समर्थकों को उनकी विधवा के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं। हालांकि, इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी काफी छोटी और अपरिपक्व हैं। उन्हें इतनी जल्दी नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए।
इसके अलावा मेनका का तीन महीने का बच्चा भी था। इंदिरा चाहती थीं कि वह अपने बच्चे के साथ समय बिताएं और धैर्य रखें। उनका मानना था कि मेनका के पास अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए आगे काफी समय था। लेकिन जल्द ही यह स्पष्ट होने लगा कि मेनका की प्राथमिकताएं कुछ और थीं।
वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर कैसे बढ़ा विवाद?
संजय गांधी की मौत के एक साल के भीतर ही मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे। इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन परिवार के सदस्यों के साथ छोटी-सी पार्टी में मनाने का सुझाव दिया था।
बाद में उन्हें जानकारी मिली कि वरुण का जन्मदिन मनाया गया था, लेकिन पार्टी ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी वसुंधरा राजे के घर पर आयोजित हुई थी। वसुंधरा राजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की समर्थक थीं और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी भी थीं।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह कदम इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने के इरादे से उठाया गया था। बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की।
सोनिया के मुताबिक, यह केवल इंदिरा गांधी का ही नहीं, बल्कि उनके बेटे और पिता की याद का भी अपमान था। उनके अनुसार, यह उन सभी लोगों का अपमान था, जिन्होंने भारत की आजादी की लड़ाई के समय से आरएसएस की सांप्रदायिक विचारधारा का विरोध किया था।
सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने इस कदम के साथ सारी हदें पार कर दी थीं। यह उनकी सास के लिए जानबूझकर दी गई चुनौती थी।
इंदिरा गांधी ने मेनका को घर छोड़ने के लिए क्यों कहा?
सोनिया गांधी ने बताया कि एक बार इंदिरा गांधी सरकारी दौरे पर लंदन गई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें खबर मिली कि मेनका घर से अपना सामान बाहर निकलवा रही हैं।
लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति वफादार नहीं रहने को लेकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मेनका को फैसला करना होगा। या तो वह अपनी ऐसी गतिविधियां बंद करें या फिर कहीं और जाकर रहें।
सोनिया लिखती हैं कि इसके जवाब में मेनका ने आरोपों से भरा एक पत्र भेजा। उनका मानना था कि इस पत्र का उद्देश्य अपनी सास को नुकसान पहुंचाना था। सोनिया के मुताबिक, यह साफ हो गया था कि मेनका ऐसा विवाद खड़ा करना चाहती थीं, जिसके बाद उन्हें घर छोड़ना पड़े और सार्वजनिक रूप से इसका जिम्मेदार इंदिरा गांधी को ठहराया जा सके।
सोनिया ने यह भी लिखा है कि मेनका अपनी इस योजना के बारे में कई सप्ताह पहले ही एक पत्रकार मित्र को बता चुकी थीं।
घर छोड़ने के लिए मेनका ने किसे ठहराया जिम्मेदार?
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका ने घर छोड़ने की घटना के लिए केवल इंदिरा गांधी को ही जिम्मेदार नहीं बताया था। उन्होंने राजीव और सोनिया गांधी को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था।
सोनिया लिखती हैं कि जिस तरह पूरी घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उसके बाद प्रचार किया गया, उसने इस पूरे विवाद को एक तमाशे में बदल दिया। उनके मुताबिक, आज के दौर में इस घटनाक्रम को 'रियलिटी शो' कहा जा सकता है।
वरुण गांधी से मिलने के लिए क्यों चली कानूनी लड़ाई?
इसके बाद के वर्षों में गांधी परिवार और मेनका गांधी के बीच फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई चली। मेनका ने आखिरकार परिवार के सदस्यों को वरुण से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि जब कानूनी कार्यवाही लंबी खिंच रही थी, उसी दौरान वरुण का चौथा जन्मदिन आ गया। उस समय उनकी सास पंजाब में बढ़ते तनाव और संकट से निपटने में व्यस्त थीं। उन्होंने सोनिया से कहा कि वह वरुण के नर्सरी स्कूल जाकर उसके लिए कुछ उपहार छोड़ आएं।
सोनिया के मुताबिक, अगले दिन अखबारों में इस मामले को लेकर खबरें प्रकाशित हुईं। इनमें मेनका ने आरोप लगाया था कि उन्हें बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा गया था।
सोनिया ने बताया कि मेनका के वकील को इंदिरा गांधी की ओर से आखिरी जवाब 19 अप्रैल 1984 को भेजा गया था। यह उस सैन्य कार्रवाई से दो महीने से भी कम समय पहले की बात थी, जिसे बाद में 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' के नाम से जाना गया।
बाद में मेनका गांधी किस राजनीतिक पार्टी में शामिल हुईं?
मेनका गांधी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें राजीव गांधी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1988 में वह वीपी सिंह की जनता दल पार्टी में शामिल हो गईं।
साल 2004 में मेनका गांधी ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया।
हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' कुल 526 पन्नों की है। इसमें उनके जीवन के कई अहम पड़ावों का जिक्र किया गया है। किताब में युद्ध के बाद इटली में बीता उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में शादी, पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश की कहानी भी शामिल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.