राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे यूनिवर्सिटी हॉस्टल में ABVP-NSUI की झड़प, कई कार्यकर्ता हिरासत में

HIGHLIGHTS
- COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर में हुआ विवाद
- दोनों छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
- छात्राओं के रजिस्ट्रेशन को लेकर सामने आया विवाद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को पुणे की सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
एबीवीपी सदस्यों का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, पुणे की छात्राओं पर शनिवार को होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव डाल रहे थे। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल के अंदर रोक लिया और धमकी दी।
कांग्रेस ने लगाए क्या आरोप?
घटना के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने हॉस्टल का दौरा किया। उन्होंने दावा किया कि एबीवीपी कार्यकर्ता दोनों छात्राओं को धमका रहे थे। महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष अक्षय जैन ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों छात्राओं ने अपनी छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याएं उठाई थीं और 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का समर्थन किया था।
वहीं, एबीवीपी के प्रदेश मंत्री अथर्व कुलकर्णी ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के कार्यकर्ता हॉस्टल परिसर में प्रवेश कर रहे थे और छात्राओं पर शनिवार को होने वाले कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे।
पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
पुणे के डीसीपी हसन गौहर ने कहा, "हमें दो गुटों के बीच झड़प की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर हमने कुछ लोगों को नारे लगाते और सड़क जाम करने की कोशिश करते हुए पाया; उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच जारी है।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.