राम मंदिर निर्माण पर नृपेंद्र मिश्र का बड़ा बयान, बोले- सरकार का एक पैसा भी नहीं लगा

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद गठित ट्रस्ट ने निर्माण के लिए धन जुटाया।
- चंपत राय के नाम से सामने आए दस्तावेज को लेकर रामकथा संग्रहालय के निदेशक ने सफाई दी।
- नृपेंद्र मिश्र ने कथित पत्र को लेकर कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र नहीं देखा।
राम मंदिर निर्माण में निर्माण समिति की भूमिका और निर्माण से जुड़े फैसलों को लेकर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के नाम से सामने आए पत्र के बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि मंदिर निर्माण में ट्रस्ट का निश्चित रूप से योगदान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर और परिसर के निर्माण में केंद्र या राज्य सरकार का एक भी पैसा नहीं लगा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद गठित ट्रस्ट ने निर्माण के लिए धन एकत्रित किया और उसी राशि से कार्य कराया गया।
वहीं, चंपत राय के नाम से सामने आए पत्र को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रामकथा संग्रहालय के निदेशक डॉ. संजीव सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जिस दस्तावेज को पत्र बताकर प्रकाशित किया जा रहा है, वह वास्तव में पत्र नहीं है, बल्कि प्रकाशित और परिमार्जित हो रही पुस्तक के बिंदु हैं। निदेशक के अनुसार, ये बिंदु चंपत राय की प्रकाशित पुस्तक ‘जस का तस’ और आगामी पुस्तक से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि इसे आलोचनात्मक पत्र के तौर पर देखना उचित नहीं है।
चंपत राय के नाम से वायरल पत्र में मंदिर निर्माण से जुड़े फैसलों में नृपेंद्र मिश्र की भूमिका और उनके स्तर से अपनी पसंद के लोगों को समितियों में शामिल किए जाने सहित कई सवाल उठाए गए थे। हालांकि, नृपेंद्र मिश्र ने पत्र पर सीधे टिप्पणी करने से दूरी बनाए रखी। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र देखा ही नहीं है। इसे मनगढ़ंत गाथा बताते हुए उन्होंने कहा कि संभव है कि इस तरह का कोई पत्र या आलोचना की ही न गई हो। उनके मुताबिक, केवल विवाद पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने मंदिर निर्माण को करोड़ों श्रद्धालुओं के सपने का साकार होना बताया। उन्होंने कहा कि बीती और वर्तमान पीढ़ी ने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो सकेगा। अब यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने में ट्रस्ट का निश्चित रूप से योगदान है। ट्रस्ट के कई सदस्य मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रस्ट के गठन पर उसकी ओर से ही निर्माण के लिए धन जुटाया गया।
70 में से 60 कार्य पूरे, ट्रस्ट को हैंडओवर
निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि निर्माण के लिए जरूरी करीब 70 कार्यों में से 60 पूरे किए जा चुके हैं। इन कार्यों को ट्रस्ट को हैंडओवर भी कर दिया गया है। अब इनके रखरखाव की जिम्मेदारी ट्रस्ट की होगी। ट्रस्ट को सौंपे गए निर्माण कार्यों का आंतरिक ऑडिट भी कराया जाएगा।
जलभराव की समस्या, दो माह में ड्रेनेज का काम
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या को लेकर मंडलायुक्त और नगर आयुक्त से भी चर्चा हुई है। बारिश के पानी की निकासी बेहतर करने के लिए सीवेज और ड्रेनेज व्यवस्था को मुख्य नाले से जोड़ने की योजना पर काम किया जाएगा। मंडलायुक्त ने दो महीने में सीवेज और ड्रेनेज का काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।
संग्रहालय, ऑडिटोरियम और ट्रस्ट कार्यालय पर फोकस
अब रामकथा संग्रहालय, ऑडिटोरियम और ट्रस्ट कार्यालय के निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नृपेंद्र मिश्र के अनुसार, इन कार्यों में करीब चार महीने का काम बाकी है। संग्रहालय की गैलरी नंबर सात के निर्माण में करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
गैलरी के संचालन के लिए टिकट लगाया जाए या इसे निशुल्क रखा जाए, इसका फैसला अब ट्रस्ट को करना है। संग्रहालय की तैयार स्क्रिप्ट के अनुसार प्रवर्तन संस्था थ्री-डी तकनीक के माध्यम से प्रस्तुति दिखाना चाहती है। संस्था की ओर से इसका प्रजेंटेशन भी दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.