एडमंटन के गुरुद्वारे में चाकूबाजी, दो लोगों पर हमला; आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर में हुई वारदात
- शादी से पहले सुबह की अरदास के दौरान हुआ हंगामा
- आरोपी ने प्रार्थना में बाधा डालने की कोशिश की
ओटावा। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमंटन शहर में शुक्रवार को गुरुद्वारे के अंदर चाकूबाजी की घटना सामने आई। नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना उस समय हुई जब शादी की रस्म से पहले सुबह की प्रार्थना (अरदास) चल रही थी और एक व्यक्ति ने उसमें बाधा डाली। एडमंटन के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर में सुबह 5 बजे के बाद यह हमला हुआ।
एडमंटन पुलिस के मुताबिक, 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास हुई घटना की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आपातकालीन कर्मियों ने दो वयस्क पुरुषों का इलाज किया। उनकी चोटें जानलेवा नहीं थीं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने अभी तक हमले के मकसद को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि घटना की जांच नफरत से प्रेरित अपराध के तौर पर की जा रही है या नहीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना कैसे और क्यों हुई।
क्या है पूरा मामला
गुरुद्वारा प्रबंधन के प्रतिनिधि हरमीक सहगल के अनुसार, सुबह होने वाले विवाह समारोह से पहले प्रार्थना चल रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति गुरुद्वारे के भीतर आया और प्रार्थना में बाधा डालने लगा। वह प्रार्थना के दौरान हंगामा करने लगा, जिसके कारण प्रार्थना रुक गई।
प्रार्थना कर रहे लोगों ने महसूस किया कि उसका व्यवहार किसी श्रद्धालु या आगंतुक जैसा नहीं था। वहां मौजूद लोगों ने शुरुआत में उससे बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया। वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं था।
हमले के बाद होश में थे पीड़ित
उसे काबू में करने की कोशिश के दौरान उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालांकि, सेवादारों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान हुई हाथापाई में आरोपी ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। सहगल ने बताया कि हमले के बाद भी दोनों पीड़ित होश में थे और बातचीत कर रहे थे।
घटना के बाद पूरी हुई शादी की रस्म
गुरुद्वारा परिसर में सुबह हुई इस हिंसक घटना के बावजूद पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे विवाह की सभी रस्में शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गईं।
सहगल ने बताया कि आरोपी ने किसी संपत्ति या शारीरिक चीज को नुकसान नहीं पहुंचाया। खासतौर पर सिख धर्मग्रंथों को कोई नुकसान नहीं हुआ, जो सिख समुदाय के लिए बेहद पवित्र हैं।
पीएम कार्नी ने पुलिस को कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया
घटना को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज सुबह एडमोंटन के नानकसर गुरुद्वारे में हुआ हमला चौंकाने वाला है। मेरी संवेदनाएं घायल हुए दो लोगों और उस पूरे समुदाय के साथ हैं जो इस भयानक घटना से स्तब्ध है। किसी को भी अपनी पूजा की जगह पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। मैं एडमोंटन पुलिस सर्विस को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.