टपकेश्वर महादेव की 26वीं शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

HIGHLIGHTS
- सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला से शुरू हुई शोभायात्रा
- सीएम धामी समेत कई संतों और अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया
- शोभायात्रा में कई प्रमुख शिव स्वरूपों के डोले आकर्षण का केंद्र रहे
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा आढ़त बाजार स्थित शिवाजी धर्मशाला से शुरू हुई। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।
भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा त्रयोदशी के अवसर पर निकाली जा रही है। शोभायात्रा का शुभारंभ सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला से हुआ और इसके बाद यात्रा टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विश्राम लेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज सहित देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा की शुरुआत की। महंत कृष्ण गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी महाराज ने बताया कि शोभायात्रा को पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और भव्य बनाने के प्रयास किए गए हैं।
सेवादार हर चौराहे पर पुलिस के साथ संभाल रहे व्यवस्था
शोभायात्रा में श्री टपकेश्वर महादेव, श्री दूधेश्वर महादेव, श्री तपेश्वर महादेव, श्री देवेश्वर महादेव और ब्रह्मलीन महंत माया गिरि महाराज का डोला प्रमुख आकर्षण है। शोभायात्रा के बाद टपकेश्वर महादेव मंदिर के सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं और आम लोगों को यात्रा मार्ग पर आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सेवा दल के सेवादार प्रत्येक चौराहे पर पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था संभाल रहे हैं।
यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50-50 लोगों की दो सफाई टीमें अलग-अलग समय पर तैनात की गई हैं। ये टीमें शोभायात्रा के गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई करेंगी।
स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था के लिए दो एंबुलेंस भी शोभायात्रा के साथ चल रही हैं। इनमें दो डॉक्टर और चार नर्स मौजूद हैं। इसके अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी शोभायात्रा के साथ रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.