CM रेखा गुप्ता ने छात्राओं को बांटी साइकिलें, बोलीं- दूरी नहीं बनेगी बेटियों की पढ़ाई में बाधा

HIGHLIGHTS
- इस वर्ष करीब 1.40 लाख कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिलें दी जाएंगी।
- छात्राओं ने कहा, साइकिल से समय की बचत और स्कूल पहुंचना आसान होगा।
- शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने योजना को छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत विधानसभा परिसर में कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान उत्तरी जिले के जोन 7 की 200 छात्राओं को साइकिलें दी गईं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के स्कूल तक आने-जाने को आसान बनाने के साथ उनकी शिक्षा को जारी रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि इससे उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, समय बचेगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख पाएंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें साइकिल मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि साइकिल सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं है, बल्कि बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का जरिया भी है। सरकार का प्रयास है कि स्कूल तक पहुंचने में दूरी या परिवहन से जुड़ी परेशानी किसी भी बेटी की पढ़ाई में रुकावट न बने।
उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ के जरिए दिल्ली सरकार बेटियों की शिक्षा को ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 9 में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को योजना के तहत साइकिलें वितरित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर किया गया निवेश समाज के बेहतर भविष्य में निवेश है। सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है कि दिल्ली की बेटियों को शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का इस्तेमाल अपनी शिक्षा को और मजबूत करने में करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। दिल्ली सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ ऐसा समग्र और सक्षम वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें हर विद्यार्थी बिना किसी बाधा के अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्राओं को साइकिल देना केवल उन्हें आवागमन की सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें आत्मनिर्भर बनने, चुनौतियों को पार करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग और नारी शक्ति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए आभार जताया। आशीष सूद ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ के जरिए सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दिल्ली की कोई भी छात्रा शिक्षा हासिल करने की अपनी यात्रा में पीछे न छूटे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.