सपा के गढ़ मैनपुरी में CM योगी का वार, बोले- यूपी में न कर्फ्यू, न दंगा; विकास की रफ्तार जारी

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- उन्होंने कहा कि मैनपुरी अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और युवाओं व व्यापारियों को सम्मान मिल रहा है।
- सीएम ने सरकार की योजनाओं, किसानों, युवाओं और कानून व्यवस्था को लेकर अपनी उपलब्धियां गिनाईं।
मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 19 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी सौंपा।
मुख्यमंत्री ने मंच पर पहुंचकर कहा कि उन्हें भारत की ऐतिहासिक और पौराणिक धरती पर आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने इस पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि वह करहल और मैनपुरी की जनता को 111 परियोजनाओं का उपहार देने आए हैं।
सीएम ने अनुजेश का जिक्र करते हुए कहा कि करहल की योजनाओं की पैरवी के लिए अनुजेश लगातार उनके पास आते रहे हैं।
पहले मैनपुरी के नाम से लोग घबराते थे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले मैनपुरी के नाम से लोग डरते थे। यहां के युवाओं को दूसरे जिलों में होटल में किराये पर कमरे तक नहीं मिलते थे। आज मैनपुरी का विकास हो रहा है और व्यापारी व युवा जहां भी जाते हैं, उन्हें सम्मान मिलता है।
उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहचान का संकट उन लोगों ने खड़ा किया, जिन्होंने बेटियों के सामने डर का माहौल पैदा किया था। उन्होंने कहा कि ये लोग भी आपके बीच के ही थे।
इतना बड़ा प्रदेश बीमारू कैसे हो सकता है
सीएम ने कहा कि इतना बड़ा प्रदेश बीमारू कैसे हो सकता है। आज युवा प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका निभा रहा है और भारत की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी में लगातार विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। सड़क, संग्रहालय, मंदिर समेत कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विकास योजनाओं के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में बेटियां बिना डर के पढ़ाई कर रही हैं और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सरकार ने कोई भेदभाव नहीं किया। मैनपुरी की तारकशी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई गई है। किसानों को नलकूप के लिए मुफ्त बिजली और पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।
सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोग अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए बाहर भेजने से डरते थे। सपा के गुंडों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। उन्होंने मैनपुरी में भाजपा नेता मदन चौहान की हत्या का भी जिक्र किया।
सीएम ने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश को गुंडा-माफिया मुक्त करने का संकल्प लिया गया था। आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है और न ही दंगा, सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं।
सपा मुखिया पर भी किया हमला
मुख्यमंत्री ने नाम लिए बिना सपा मुखिया पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वाले मुख्यमंत्री देर से उठते थे और अपना समय अलग-अलग गतिविधियों में बिताते थे। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियां निकलती थीं तो सूची तैयार हो जाती थी और नेता थैला लेकर निकल पड़ते थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब युवाओं को बिना पैसे दिए नौकरियां मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश अब उत्सव प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि सपा को सिर्फ अपना परिवार पसंद है, जनता नहीं। इससे मैनपुरी पिछड़ेगा तो प्रदेश भी पीछे जाएगा।
जुलाई में आने की वजह बताई
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जुलाई में इसलिए आए हैं ताकि फसल, बिजली और पानी की स्थिति की जानकारी ले सकें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा को रोका जाता था, लेकिन अब कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकलती है। डबल इंजन की सरकार आने के बाद तय किया गया था कि कोई भी यात्रा नहीं रोकी जाएगी।
पहले कब्रिस्तान में लगता था पैसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पर्यटन और संस्कृति विभाग के माध्यम से मंदिरों में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यह पैसा कब्रिस्तान में लगाया जाता था।
सीएम ने कहा कि 682 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ देने का अवसर मिला है। इसके अलावा भी अन्य योजनाएं दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 292 करोड़ रुपये से शिकोहाबाद-भोगांव मार्ग का चौड़ीकरण किया गया है। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा है। ऑडिटोरियम समेत कई अन्य योजनाओं से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉडल स्कूल का लोकार्पण किया गया है, जिसमें कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई होगी। गरीब या अमीर की बेटी हो, किसान हो या युवा, डबल इंजन की सरकार सभी के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.