बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे सीएम योगी, बच्चों को चॉकलेट देकर जताया स्नेह

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर पहुंचे।
- मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
- पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मां की आरती उतारी और श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने आदिशक्ति मां पाटेश्वरी के दरबार में माथा टेककर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने मां की आरती उतारी और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेह भी देखने को मिला। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चे उन्हें अपने बीच पाकर काफी उत्साहित नजर आए। बच्चे जब मुख्यमंत्री के पास पहुंचे तो उन्होंने उनसे बातचीत की और चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरित करने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उन्होंने रात मंदिर परिसर में ही बिताई।
शनिवार सुबह दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, उपलब्ध सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिए कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही मंदिर की सभी व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने को कहा।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और हरा चारा
मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने अपने हाथों से गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा कुछ समय गोशाला में बिताकर गोसेवा की। इस दौरान उनकी मुलाकात मंदिर परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी हुई।
कार्यक्रम में महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास और हनुमानगढ़ी अयोध्या के राजू दास सहित कई संत उपस्थित रहे। मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन, गोसेवा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.