लखनऊ में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प, कई नेता हिरासत में

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। पार्टी कार्यालय के बाहर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
विधानसभा घेराव का था ऐलान
बताया जा रहा है कि अजय राय ने सोमवार को मनरेगा और शंकराचार्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव की घोषणा की थी। इस समय राज्य विधानसभा का बजट सत्र जारी है, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क था।
पुलिस ने रोका मार्च
कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रास्ते में लगाए गए बैरिकेड्स ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
मनरेगा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर हो रहे इस विरोध को देखते हुए प्रशासन ने कई प्रमुख नेताओं को नजरबंद भी किया है।
कई वरिष्ठ नेता शामिल
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित कई सांसद, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी पहुंचे, जिससे पूरे इलाके में गहमागहमी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.