लखीमपुर: एमएलसी चुनाव में हंगामे को लेकर पूर्व सपा विधायक समेत 9 पर FIR

HIGHLIGHTS
- शिकायत में 23 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे की घटना का जिक्र है।
- विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
- मामले की विवेचना उपनिरीक्षक असित कुमार यादव को सौंपी गई है।
लखीमपुर खीरी के मितौली ब्लॉक के सामने शुक्रवार को स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गाली-गलौज करने और विरोध जताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पूर्व सपा विधायक सुनील कुमार लाला और उनके भाई, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामखेलावन उर्फ छोटे समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। चुरईपुरवा निवासी अमर अली की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दिन मितौली ब्लॉक में सपा और भाजपा के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान काफी हंगामा हुआ था। सपा कार्यकर्ताओं ने मितौली से भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू और उनके पिता, पूर्व सांसद जुगल किशोर पर मतदान केंद्र के अंदर जाने का आरोप लगाते हुए विरोध किया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई थी। इसी घटनाक्रम को लेकर भाजपा विधायक के गांव चुरईपुरवा के निवासी अमर अली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
इन नौ लोगों को किया गया नामजद
अमर अली ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे मितौली ब्लॉक के सामने मुख्य मार्ग पर कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कस्ता के पूर्व सपा विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला, उनके भाई और मितौली के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामखेलावन उर्फ छोटे के साथ विभु बाजपेयी, रजनीश श्रीवास्तव, धर्मपाल राज, सोनू, शैलेश, मुदीत और रमेश प्रधान को नामजद किया है।
सीओ यादवेंद्र यादव के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक असित कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से आरोपों की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.