26 साल के दरोगा अरुण चाहर का आगरा में होगा अंतिम संस्कार, मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

HIGHLIGHTS
- शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ सड़क हादसा
- जानसठ से लौटते समय चित्तौड़ा के पास दुर्घटना
- कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ
मुजफ्फरनगर में सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय दरोगा अरुण चाहर की जान चली गई। शनिवार रात करीब 11 बजे वह कार से थाने लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर आगे चल रही सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दरोगा अंदर ही फंस गए। अंधेरा होने का फायदा उठाकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
ड्राइवर ने न तो पुलिस को हादसे की जानकारी दी और न ही कार में फंसे दरोगा को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी देर तक अरुण कार के अंदर फंसे रहे। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दरोगा को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अरुण चाहर मुजफ्फरनगर में सिविल लाइन स्थित स्टेडियम चौकी के प्रभारी थे। वह सरकारी काम से जानसठ गए थे और वहां से लौटते समय पानीपत-खटीमा हाईवे पर चित्तौड़ा के पास हादसे का शिकार हो गए। उनका पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया। यहां श्रद्धांजलि देने के बाद एसएसपी ने उनके शव को कंधा दिया।
आगरा के रहने वाले थे अरुण, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दरोगा अरुण चाहर मूल रूप से आगरा के निवासी थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। उनके पिता नेमी सिंह (60) गांव में खेती करते हैं, जबकि मां मुनेश गृहिणी हैं। परिवार में उनकी दो बड़ी बहनें प्रतिभा (34) और पूजा (32) हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनके बड़े भाई अजीत (28) बुलंदशहर में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।
अजीत ने बताया कि परिवार में अगले साल अरुण की शादी करने की बात चल रही थी। अरुण का चयन वर्ष 2023 में उपनिरीक्षक के पद पर हुआ था, जबकि अजीत वर्ष 2020 में पुलिस में भर्ती हुए थे। 5 अक्टूबर को अरुण का जन्मदिन था, इसलिए वह घर आए थे।
पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम सलामी
पुलिस लाइन में दरोगा अरुण चाहर को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। एसपी सिटी अमृत जैन और एसएसपी सूरज कुमार राय ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिसकर्मियों ने अरुण चाहर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद एसएसपी सूरज कुमार राय और एसपी सिटी अमृत जैन ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। अरुण चाहर का अंतिम संस्कार आगरा में किया जाएगा। दरोगा की मौत के बाद हादसे की जांच के लिए एसपी ने एक विशेष टीम गठित की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.