CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन, ईसी के बोर्ड पर लिख दिया ‘चोर आयोग’

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए।
- प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की।
- कार्यालय के बोर्ड पर कालिख पोतकर ‘चोर आयोग’ लिखा गया।
शिमला। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने शुक्रवार को शिमला में प्रदर्शन किया। कसुम्पटी स्थित चुनाव विभाग के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटे और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड पर कालिख पोत दी और उस पर ‘चोर आयोग’ लिख दिया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। पुतला जलाने से पहले पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
संविधान की प्रति लेकर पहुंचीं रजनी पाटिल
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। रजनी पाटिल हाथ में संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं।
कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी की ओर से देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
शिमला में प्रदर्शन के दौरान चुनाव विभाग के कार्यालय के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुतला फूंकने से पहले पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.