मुजफ्फरनगर में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय करंट लगने से ठेका कर्मी की मौत, परिजनों का हंगामा

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय ठेका कर्मी हर्ष की करंट लगने से मौत।
- परिजनों ने नगर पालिका प्रशासन और ठेका कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया।
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत एक ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद जिला अस्पताल में पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने नगर पालिका प्रशासन और ठेका कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
नई मंडी थाना क्षेत्र के रथेड़ी गांव निवासी 24 वर्षीय हर्ष नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में ठेका कंपनी अल्संस के माध्यम से हेल्पर के पद पर काम करता था। शुक्रवार सुबह वह कांवड़ यात्रा को देखते हुए रेदासपुरी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर रहा था।
इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे अचानक वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हर्ष की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और ठेका कंपनी के खिलाफ विरोध जताते हुए हंगामा किया।
सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों से बिजली से जुड़े कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और जरूरी सावधानियों के कराए जा रहे थे। उनका कहना है कि अगर सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाता तो हर्ष की जान बच सकती थी।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक साल से कर रहा था काम
हर्ष पिछले करीब एक साल से ठेका कंपनी के माध्यम से नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत था। कांवड़ यात्रा को लेकर शहर की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान चल रहा था, जिसके तहत वह ड्यूटी कर रहा था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.