स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुग्राम में सख्ती, धारा 163 लागू; ड्रोन-पतंग उड़ाने पर रोक

HIGHLIGHTS
- स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुग्राम में सुरक्षा बढ़ाई गई, प्रशासन ने धारा 163 लागू की।
- 30 जुलाई से 15 अगस्त तक ड्रोन, ग्लाइडर और पतंग उड़ाने समेत कई गतिविधियों पर रोक लगाई गई।
- होटल, पीजी और मकान मालिकों को किरायेदारों व आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने और सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत जिले में कई तरह की पाबंदियां लागू की गई हैं।
प्रशासन के आदेश के अनुसार, 30 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक गुरुग्राम जिले के सभी साइबर कैफे, पीजी, गेस्ट हाउस, होटल, कार्यालय और मकान मालिकों को अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, कर्मचारियों, मेहमानों और आगंतुकों का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा।
सभी संबंधित स्थानों पर रजिस्टर बनाए रखना, लोगों के वैध पहचान पत्र की फोटोकॉपी सुरक्षित रखना और एक सप्ताह से अधिक समय तक ठहरने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है।
ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 30 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पूरे गुरुग्राम जिले में ड्रोन, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, ग्लाइडर, पावर ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून, चाइनीज माइक्रोलाइट और पतंग उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 समेत अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
15 अगस्त को लेकर दिल्ली और आसपास भी सुरक्षा बढ़ी
स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक तैयारियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजधानी में जवानों को अलर्ट पर रखा गया है।
इसके अलावा दिल्ली के कई हिस्सों में अलग-अलग एग्जिट प्वाइंट्स पर वाहनों की जांच और नाकेबंदी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की आवाजाही होने पर जांच और सत्यापन आसानी से किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.