हरियाणा में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का अभियान, 14 से 24 अक्तूबर तक निकाले जाएंगे मार्च

HIGHLIGHTS
- हरियाणा कांग्रेस 14 से 24 अक्तूबर तक सभी ब्लॉकों में मार्च निकालेगी।
- ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांवों, कस्बों और शहरों तक पहुंचाने की तैयारी।
- मार्च के दौरान संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
हरियाणा कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ अपने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांवों और ब्लॉक स्तर तक ले जाएगी। इसके तहत 14 से 24 अक्तूबर तक प्रदेश के सभी ब्लॉकों में मार्च और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा की।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने 12 अक्तूबर को दिल्ली में हुए रोष मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब मिलने चाहिए। कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग कर रही है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अगले दो महीने के लिए अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रदेश के सभी ब्लॉकों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के अधिकार और संवैधानिक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गांधी और अंबेडकर की प्रतिमाओं से निकाले जाएंगे मार्च
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं से पदयात्रा, साइकिल मार्च या बाइक मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च संबंधित एसडीएम कार्यालय या स्थानीय प्रशासनिक मुख्यालय तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ करेंगे। यह अनुच्छेद वयस्क मताधिकार से संबंधित है। इसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा। विरोध दर्ज कराने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी जलाया जाएगा।
जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को तैयारी के निर्देश
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यक्रमों में सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को गांवों, कस्बों और शहरों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को मतदान के अधिकार और संविधान के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.