वैभव सूर्यवंशी के दोहरे शतक से क्रिकेट जगत हैरान, सहवाग से सूर्यकुमार तक ने की तारीफ

HIGHLIGHTS
- वैभव सूर्यवंशी ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ 204 रन की पारी खेली।
- उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ 53 गेंदों का सामना किया।
- वैभव ने 28 छक्के और सात चौके लगाए।
भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। बेहद कम उम्र में दोहरा शतक लगाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वैभव की इस ऐतिहासिक पारी के बाद पूर्व और मौजूदा भारतीय क्रिकेटरों ने भी उनकी जमकर तारीफ की। वीरेंद्र सहवाग, रविचंद्रन अश्विन, सूर्यकुमार यादव और सुरेश रैना जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन से प्रभावित नजर आए।
वीरेंद्र सहवाग ने बताया अविश्वसनीय
पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने वैभव सूर्यवंशी की पारी की सराहना करते हुए उनके आंकड़ों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, '53 गेंदों में 204 रन और 28 छक्के! ईए स्पोर्ट्स क्रिकेट गेम में भी यह अविश्वसनीय लगता। वैभव सूर्यवंशी क्या कमाल के खिलाड़ी हैं। यह एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाली प्रतिभा है।'
अश्विन भी वैभव की बल्लेबाजी से हुए प्रभावित
रविचंद्रन अश्विन ने भी वैभव की बल्लेबाजी को शानदार और हैरान करने वाला बताया। उन्होंने लिखा, 'यह क्या है! अविश्वसनीय। आज पहले प्रियंश और अब यह युवा खिलाड़ी। इन खिलाड़ियों को बल्लेबाजी करते देखना इस बात का विनम्र एहसास कराता है कि क्रिकेट में लगातार कितनी प्रतिभा और क्षमता सामने आती रहती है।'
सूर्यकुमार यादव ने वैभव को बताया प्रेरणा
भारतीय टी20 टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी वैभव की बल्लेबाजी देखकर काफी प्रभावित हुए। उन्होंने युवा खिलाड़ी की तारीफ करते हुए लिखा, 'वैभव सूर्यवंशी, अब तुम मेरी प्रेरणा हो। क्या खिलाड़ी है!'
सुरेश रैना ने भी की तारीफ
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने वैभव को असाधारण प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया। उन्होंने लिखा, 'यह शानदार प्रतिभा है। इतनी कम उम्र में दोहरा शतक लगाना वैभव सूर्यवंशी की निडर मानसिकता और असाधारण क्षमता को दर्शाता है। बड़े सपने देखते रहो और चमकते रहो, युवा चैंपियन!'
वैभव की बल्लेबाजी के आगे बेअसर रहे गेंदबाज
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को चौंका दिया। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें क्रिकेट इतिहास में खास जगह दिला दी। वैभव ने महज 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले भी वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। अब सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली। उनकी इस पारी में रनों की बरसात के साथ छक्कों की भी झड़ी देखने को मिली और उन्होंने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
यूएई के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया और मैदान के चारों तरफ बड़े शॉट लगाए। वैभव ने अपनी पारी में 53 गेंदों का सामना करते हुए 204 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले। यानी उन्होंने केवल चौकों और छक्कों की मदद से ही 196 रन बना डाले। उनकी बल्लेबाजी के सामने यूएई के गेंदबाज पूरी तरह बेबस दिखाई दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.