दिलजीत दोसांझ के बंगलूरू कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

HIGHLIGHTS
- दिलजीत दोसांझ का ऑरा इंडिया टूर 2026 का अगला शो 29 नवंबर को बंगलूरू में होगा।
- कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी वाला ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई।
- ईमेल में NICE ग्राउंड्स और मदावरा मेट्रो स्टेशन पर IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई।
दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का अगला कॉन्सर्ट बंगलूरू में आयोजित होना है। शो से पहले कथित बम धमाकों की धमकियां मिलने के बावजूद सिंगर ने कार्यक्रम से पीछे हटने का कोई संकेत नहीं दिया है। बीते दिन मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने इन धमकियों पर प्रतिक्रिया भी दी थी।
दिलजीत ने कहा था, 'कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे। उनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो पर लोग न आएं। उन्हें डरा दिया जाए। आप बेशक बम फेंको, लेकिन मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है'। अब खबर है कि बंगलूरू में उनका कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, कार्यक्रम में नहीं हुआ बदलाव
बम धमाकों की धमकियों के बाद सिंगर के प्रशंसक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हालांकि, दिलजीत दोसांझ रविवार, 29 नवंबर को होने वाले बंगलूरू कॉन्सर्ट की तैयारी में जुटे हैं। धमकियों के बावजूद वह तय योजना के मुताबिक परफॉर्म करने के लिए तैयार हैं।
यह कार्यक्रम तुमकुरु रोड (NH-4) पर बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर (BIEC) ग्राउंड के पास मदावरा के NICE ग्राउंड्स में आयोजित होगा। पुलिस के अनुसार, कॉन्सर्ट के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है और न ही इसे रद्द किया गया है।
इस बीच आयोजन स्थल और मदावरा मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में क्या चेतावनी दी गई थी?
कॉन्सर्ट स्थल पर बम धमाके की चेतावनी देने वाला ईमेल मिलने के बाद बंगलूरू पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नॉर्थ CEN क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (HDMC) के कमिश्नर के आधिकारिक इनबॉक्स में आया था।
ईमेल भेजने वाले ने दावा किया था कि NICE ग्राउंड्स में कॉन्सर्ट स्थल और नजदीकी मदावरा मेट्रो स्टेशन पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाके किए जाएंगे।
मेल में लोगों को चेतावनी दी गई थी कि वे कार्यक्रम में बच्चों को लेकर न आएं, लावारिस पड़े आईफोन को न छुएं और मेट्रो से सफर करने से बचें। खबरों के मुताबिक, ईमेल के अंत में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा लिखा था। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि मेल में प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) का नाम शामिल था।
पहले भी दिलजीत के कॉन्सर्ट को मिल चुकी हैं धमकियां
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ईमेल का आईपी एड्रेस ट्रैक करने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल अकाउंट कहां से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि धमकी वास्तविक है या नहीं। मामले की जांच जारी है। बताया गया है कि HDMC कमिश्नर कार्तिक एम. ने भी इसी तरह की धमकी को फर्जी बताया है।
दिलजीत दोसांझ के टूर को बम धमकियां मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 अक्तूबर को मुंबई की पूर्व मेयर रितु तावड़े के कार्यालय में आत्मघाती हमले की चेतावनी वाला एक ईमेल भेजा गया था।
वहीं, 15 नवंबर को इंदौर में उनके कॉन्सर्ट से पहले मेयर कार्यालय, निजी स्कूलों और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल कथित तौर पर भेजे गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.