एशिया कप राइजिंग स्टार्स में वैभव सूर्यवंशी का धमाका, 53 गेंदों में जड़ा 204 रन का स्कोर

HIGHLIGHTS
- वैभव ने अपनी शानदार पारी का श्रेय कोच ऋषिकेश कानिटकर को दिया।
- कोच उन्हें अंडर-19 के समय से गेंद को ध्यान से देखने की सलाह देते आ रहे हैं।
- वैभव ने कहा कि उनका बल्लेबाजी फ्लो वापस आ गया है।
नई दिल्ली। यूएई के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार पारी के पीछे की रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह पहले से ही बड़ी पारी खेलने का इरादा लेकर मैदान पर उतरे थे। उनका प्लान था कि अगर पिच से गेंदबाजों को मदद मिलती है तो वह क्रीज पर समय बिताएंगे और बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। हालांकि, जब विकेट से गेंदबाजों को कोई खास मदद नहीं मिली तो उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए बड़े शॉट लगाना शुरू कर दिया।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने महज 53 गेंदों में 204 रन बनाए। उनकी इस पारी में 28 छक्के शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। लिस्ट-ए क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनाने के बाद सूर्यवंशी ने अपने दोहरे शतक का श्रेय कोच ऋषिकेश कानिटकर को भी दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने बताई बड़ी पारी की रणनीति
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत में सूर्यवंशी ने बताया कि पिछले दो मुकाबलों में वह अच्छी शुरुआत करने के बावजूद उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए थे। इसी वजह से इस बार उन्होंने क्रीज पर समय बिताने की योजना बनाई थी।
उन्होंने कहा, "पिछले दो मैचों में मैं सेट हो गया था लेकिन शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सका था। इस वजह से मेरा प्लान था कि मैं मैदान पर जाकर अपना टाइम लूंगा। एक-दो बॉल खेलने के बाद मुझे लगा कि बॉलर्स के लिए यहां पर कुछ भी नहीं है और इसके बाद मैंने अपनी ताकत पर भरोसा किया। बैटिंग करते हुए मैं बस यही सोच रहा था कि अगर पिच बॉलर्स को मदद कर रही है, तो मैं टाइम लूंगा और बड़ी पारी खेलूंगा।"
सूर्यवंशी ने आगे कहा, "शुक्र है कि ऐसा नहीं हुआ और विकेट अच्छा था। गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी और इस वजह से मैंने बस अपनी ताकत पर भरोसा किया। अगर शुरुआत में गेम मेरे कंट्रोल में नहीं होता, तो मैं अपना टाइम लेने की कोशिश करता लेकिन मैं शुरू से ही कंट्रोल में था।"
दोहरे शतक का श्रेय कोच को दिया
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस यादगार पारी के लिए कोच ऋषिकेश कानिटकर को भी श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि कोच हर मैच से पहले उनसे बात करते हैं और अंडर-19 के समय से ही उन्हें गेंद को ध्यान से देखने की सलाह देते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, "ऋषि सर हर मैच से पहले मुझसे बात करते हैं। वो अंडर-19 से यही कहते आ रहे हैं कि अगर मैं गेंद को अच्छी तरह से देखूंगा, तो गेम मेरे लिए आसान हो जाएगा।"
बाकी मैचों में भी जारी रखना चाहते हैं यही लय
यूएई के खिलाफ वैभव ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसके बाद टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर भी उनसे काफी उम्मीदें बढ़ गई हैं। सेमीफाइनल से पहले उन्होंने अपनी आगे की रणनीति भी साझा की।
वैभव ने कहा, "गेम में मेरा फ्लो वापस आ गया है, इसलिए अब मैं टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उसे जारी रखने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है कि हम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचेंगे। मैं उसी फ्लो के साथ खेलना जारी रखूंगा। बैटिंग करते समय आपको हमेशा प्रेशर महसूस होता है। ये नॉर्मल है, थोड़ा नर्वस होना इंसान की फितरत है। हालांकि, दो-चार बॉल के बाद मैं शांत हो जाता हूं।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.