डिप्टी कमिश्नर अनुपम सरोज का VRS मंजूर, सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा तेज

HIGHLIGHTS
- राज्य कर विभाग की डिप्टी कमिश्नर अनुपम सरोज का VRS आवेदन मंजूर।
- राज्य कर अनुभाग-1 ने 28 अक्टूबर को कार्यालय आदेश जारी किया।
- अनुपम सरोज को 31 अक्टूबर 2026 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मिलेगी।
यूपी: राज्य कर विभाग की डिप्टी कमिश्नर अनुपम सरोज को शासन की ओर से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) की मंजूरी मिल गई है। राज्य कर अनुभाग-1 द्वारा 28 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, उन्हें 31 अक्टूबर 2026 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति दे दी गई है।
अनुपम सरोज ने वीआरएस के लिए 11 जून 2026 को आवेदन किया था। इसके बाद राज्य कर मुख्यालय ने 17 जुलाई को उनका आवेदन शासन को भेज दिया था। वहीं, 21 अक्टूबर को ई-मेल के माध्यम से किए गए अनुरोध पर शासन ने विचार किया और अब उनके स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन को मंजूरी दे दी है।
वीआरएस के बाद राजनीति में आने की चर्चाएं तेज
अनुपम सरोज के सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि वह सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। यह विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राजनीतिक परिवार से है अनुपम सरोज का नाता
अनुपम सरोज का संबंध राजनीतिक परिवार से है। वह समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। वहीं, उनके पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं।
ऐसे में सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उनके राजनीति में सक्रिय होने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सिधौली विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार के रूप में उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी इसी वजह से लगाई जा रही हैं।


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.