दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बहाल, यात्रियों की आवाजाही हुई सामान्य

HIGHLIGHTS
- सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने यह कदम उठाया था।
- जनपथ, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय समेत कई स्टेशन प्रभावित हुए थे।
- नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही अब सामान्य हो गई है। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है।
दरअसल, शुक्रवार को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कराए थे। अब इन सभी स्टेशनों को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।
इन मेट्रो स्टेशनों पर बंद थी प्रवेश-निकास की सुविधा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार सुबह बताया था कि अगली सूचना तक कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली और रामकृष्ण आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन शामिल थे। अब इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास की सुविधा सुचारू रूप से बहाल कर दी गई है।
700 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा, आतिशी और संजय सिंह के अलावा कुछ छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं समेत 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
राजनीतिक दलों के साथ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अन्य छात्र संगठनों के सदस्य भी प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर पर किसी भी अनधिकृत जमावड़े को रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके साथ ही मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.