गैस खत्म होने का डर! धर्मशाला में एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, घंटों इंतजार

मध्य-पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर फैल रही अफवाहों ने धर्मशाला में लोगों को सतर्क कर दिया है। घरों में गैस की कमी की चिंता से कई लोग अभी से स्टॉक करने लगे हैं। शुक्रवार को शहर की गैस एजेंसियों के गोदामों में सिलिंडर लेने वालों की भारी भीड़ देखी गई।
सुबह से ही उपभोक्ताओं की कतारें एजेंसी के बाहर बढ़ती चली गईं। जब गैस से भरे ट्रक गोदामों में पहुंचे, तब सिलिंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कई लोग अपनी गैस कापियों में एंट्री करवाने के बाद ही सिलिंडर ले पाए। भीड़ अधिक होने के कारण गोदाम में व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया।
गैस एजेंसियों के कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल सप्लाई पूरी तरह सामान्य है, लेकिन अफवाहों के चलते अचानक मांग बढ़ गई है। प्रशासन और एजेंसी संचालकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल जरूरत के हिसाब से ही सिलिंडर लें और अफवाहों पर भरोसा न करें।
इसी बीच रिकांगपिओ में पेट्रोल पंप पर भी लोगों की लंबी कतारें लगीं। कुछ लोग पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर चिंतित हैं। किन्नौर के खाद्य आपूर्ति अधिकारी धनवीर सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को अफवाहों में विश्वास नहीं करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.