स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, 64 लोगों की मौत; बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद तीन मेडिकल हेलीकॉप्टर घटनास्थल पर भेजे गए।
- दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार होने की जानकारी।
- इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे गिरे।
स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में रेनफे एवीई और निजी रेल कंपनी इर्यो की ट्रेनें शामिल थीं। दुर्घटना में मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। टक्कर की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं को घटनास्थल पर भेजा गया। कैस्टिला-ला मांचा की 112 आपातकालीन सेवा के मुताबिक, अल्काजार डी सैन जुआन और ऑर्गाज से दमकलकर्मियों, आसपास की नगरपालिकाओं से नागरिक सुरक्षा दलों और तीन मेडिकल हेलीकॉप्टरों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया। बचाव दल मौके पर जीवित लोगों की तलाश करने और घायलों की सहायता करने में लगे हुए हैं।
स्पेन के समाचार माध्यम 'सुर इन इंग्लिश' के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने हादसे में कम से कम 64 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, समाचार पत्र 'एल पाइस' की रिपोर्ट में कैस्टिला-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला के हवाले से बताया गया है कि दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इनमें इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु मौजूद था, जबकि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री सफर कर रहे थे।
क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, शुरुआती संकेतों से आशंका है कि एवीई ट्रेन ने इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। इस टक्कर के बाद इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए और तटबंध से नीचे गिर गए।
दुर्घटना के बाद बुधवार सुबह 8:54 बजे से मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर सभी रेल सेवाएं रोक दी गईं। इस हादसे का असर मध्यम दूरी की हाई-स्पीड रेल सेवाओं पर भी पड़ा है।
निजी रेल कंपनी इर्यो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि दुर्घटना के चलते अतोचा स्टेशन से दक्षिणी रेल कॉरिडोर की ओर जाने वाली सभी ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। 'एल पाइस' के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रेल परिचालन कब तक बहाल हो सकेगा।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसने सभी आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं और स्थिति से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। दूसरी ओर, रेनफे ने भी मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं निलंबित किए जाने की जानकारी दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.