काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आगाज, उपराष्ट्रपति और सीएम योगी ने किया उद्घाटन

HIGHLIGHTS
- तमिलनाडु से 250 छात्र काशी पहुंचे और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
- मंदिर परिसर में छात्रों का पुष्पवर्षा और डमरू वादन के साथ स्वागत किया गया।
- 12 दिसंबर तक चलने वाले आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में 1750 प्रतिनिधि आएंगे।
वाराणसी। काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस आयोजन में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से 250 छात्र भी काशी पहुंचे हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और छात्रों का भव्य स्वागत किया गया।
सीएम योगी ने तमिलनाडु से आए प्रतिभागियों का किया स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां गंगा के पवित्र तट पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में तमिलनाडु से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करके उन्हें आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम अब भारतीय संस्कृति की परंपरा का उत्सव बन चुका है। यहां भाषाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सभी के भाव एक हैं। परंपराओं में विविधता है, मगर संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत का लक्ष्य है।
सीएम ने कहा कि 12 दिसंबर 2026 तक चलने वाले काशी-तमिल संगमम के जरिए सभी को तमिल की प्राचीन ज्ञान परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को जानने और उनसे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच छात्रों का स्वागत
काशी विश्वनाथ धाम में मंदिर प्रशासन की ओर से तमिलनाडु से आए छात्रों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच उनका स्वागत हुआ। इस मौके पर मंदिर प्रशासन ने सभी छात्रों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट किए।
काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का मुख्य उद्घाटन नमो घाट पर हुआ। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधियों के आने का कार्यक्रम है।
नमो घाट पर तमिलनाडु और काशी की संस्कृति की झलक
नमो घाट पर तमिलनाडु से आए लोगों ने वहां के प्रसिद्ध लूंगी, साड़ी और अन्य सामग्रियों के स्टॉल लगाए हैं। वहीं, काशी के लोगों ने भी बनारसी साड़ी सहित दूसरी सामग्रियों के स्टॉल लगाए हैं। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत भी हो गई है।
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर आधारित है इस बार की थीम
काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की थीम ''तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें'' रखी गई है। इसके माध्यम से तमिल साहित्य के महान कवि तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
इस आयोजन के दौरान शैक्षणिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषा से जुड़ी गतिविधियां और विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।
एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने किया उपराष्ट्रपति का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एयरपोर्ट से सीधे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और वहां विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे नमो घाट के लिए रवाना हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.