विमान में मची चीख-पुकार, सीट से उछले यात्री; दिल्ली पहुंचे यात्रियों ने सुनाई टर्बुलेंस की खौफनाक कहानी

HIGHLIGHTS
- यात्रियों के अनुसार अचानक आए झटकों से कई लोग सीट से उछलकर घायल हो गए।
- केबिन के सीलिंग पैनल टूटने और सामान हवा में गिरने से मचा था हड़कंप।
- कुछ यात्रियों ने इमरजेंसी लैंडिंग में देरी को लेकर पायलट की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
नई दिल्ली। ‘हम सभी आराम से बैठे थे। कुछ यात्री सो रहे थे, तभी अचानक विमान किसी खिलौने की तरह हवा में हिलने-डुलने लगा। करीब दो से तीन मिनट तक समझ नहीं आया कि हम बच पाएंगे या नहीं।’
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर से बाहर लाए गए एक बुजुर्ग यात्री ने टर्बुलेंस के दौरान हुए अनुभव को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी सफर किया है, लेकिन ऐसा डरावना अनुभव कभी नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि वे दो-तीन मिनट ऐसे थे जैसे सभी यात्री मौत के बेहद करीब हों। विमान के सामान्य होने तक लोग अपनी-अपनी सीटों पर भगवान को याद करते रहे। सुरक्षित जमीन पर उतरने के बाद ऐसा महसूस हुआ जैसे नया जीवन मिल गया हो।
टर्बुलेंस के बाद विमान में मची अफरा-तफरी
टर्बुलेंस का सामना करने के बाद जब विमान एयरपोर्ट पर पहुंचा तो कई यात्री सिर, हाथ और पैरों पर पट्टियां बांधे बाहर निकले। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद भी यात्रियों के चेहरों पर डर साफ दिखाई दे रहा था।
व्हीलचेयर पर बाहर आए एक यात्री ने बताया कि सुबह का समय होने के कारण ज्यादातर लोग सो रहे थे। तभी अचानक विमान तेज झटके लेने लगा।
उन्होंने बताया कि जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, वे सीट से उछलकर ऊपर जा पहुंचे और कुछ छत से टकरा गए। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
टूटे सीलिंग पैनल, कई यात्री घायल
यात्रियों के अनुसार झटके इतने तेज थे कि विमान के केबिन के सीलिंग पैनल तक टूट गए। फोन, बैग और खाने की ट्रे हवा में उछलकर गलियारे में गिर गईं। इस दौरान विमान में चीख-पुकार मच गई।
यात्रियों ने बताया कि कई लोगों को सिर, गर्दन और कंधे में चोटें आईं। अचानक ऊंचाई में बदलाव के कारण केबिन प्रेशर में भी तेजी से बदलाव हुआ।
इसके चलते कई यात्रियों को कानों में तेज दर्द महसूस हुआ। कुछ यात्रियों के कान से खून आने और सुनने में परेशानी की शिकायत भी सामने आई। चोट और डर के कारण दो-तीन यात्री बेहोश भी हो गए।
विदेशी महिला यात्री ने भी बताया अनुभव
इस उड़ान में अपनी मां और बहन के साथ सफर कर रही इटली की यात्री विवियाना ने बताया कि शुरुआत में उड़ान सामान्य थी, लेकिन अचानक तेज झटके लगने लगे।
उन्होंने बताया कि झटका इतना तेज था कि उनकी बहन सीट से उछलकर छत से जा टकराई। उनकी मां के सिर पर चोट लगी और उनका फोन हाथ से छूटकर दूर जा गिरा। उन्होंने बताया कि पीछे बैठे एक यात्री का चेहरा खून से भर गया था और हर तरफ चीख-पुकार मची हुई थी।
यात्री ने पायलट के रवैये पर उठाए सवाल
विमान में मौजूद एक यात्री ने घटना के बाद पायलट की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पायलट लगातार पांच मिनट में लैंडिंग की बात कर रहे थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी लैंडिंग नहीं हुई।
यात्री ने कहा कि इस दौरान यात्रियों की हालत बिगड़ती जा रही थी। उन्होंने बताया कि एक बच्चा सीट नंबर सात से उछलकर सीट नंबर 11 तक पहुंच गया था।
उन्होंने सवाल किया कि टर्बुलेंस के तुरंत बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग क्यों नहीं कराई गई। यात्री ने कहा कि इस मामले में हुई लापरवाही के खिलाफ वह अदालत का रुख करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.