झोटा हत्याकांड: आप विधायकों के घरों के बाहर प्रदर्शन, अमित शाह से मिलने को तैयार पिता

HIGHLIGHTS
- मानसा की एक्शन कमेटी के आह्वान पर आप विधायकों के घरों के बाहर धरना।
- सातवें दिन भी परमिंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार नहीं हो सका।
- पिता भीम सिंह फौजी ने गृह मंत्री अमित शाह से निजी मुलाकात की इच्छा जताई।
- मनप्रीत कौर अब एक्शन कमेटी की बैठकों में नियमित रूप से शामिल होंगी।
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में मानसा की एक्शन कमेटी के आह्वान पर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के घरों के बाहर रोष धरना दिया जा रहा है। वहीं, सातवें दिन भी झोटा का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। इसके चलते मानसा और आसपास के इलाकों में तनाव बना हुआ है।
इस बीच, परविंदर के पिता ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान उनसे मुलाकात करने पर सहमति जताई है। दरअसल, झोटा की हत्या के मामले में गठित एक्शन कमेटी ने शाह के मानसा दौरे का विरोध करने का ऐलान किया था।
झोटा के पिता ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह उनसे निजी तौर पर मिल सकते हैं, लेकिन धरने पर न आएं। परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह फौजी ने बताया कि उनकी बहू मनप्रीत कौर अब से एक्शन कमेटी की बैठकों में नियमित रूप से शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि वह खुद पिछली दो-तीन बैठकों में शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए उन्हें नहीं पता कि उन बैठकों में क्या चर्चा हुई।
एक्शन कमेटी ने सोमवार रात अमित शाह के दौरे से दूर रहने का फैसला लिया था। अब सामने आया है कि कमेटी मंगलवार को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार कर सकती है। भीम सिंह ने कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह के दौरे का स्वागत करते हैं और अपने परिवार के साथ उनसे मिलना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि आगे की रणनीति को लेकर लिए जा रहे फैसलों की जानकारी उन्हें अक्सर नहीं मिलती और न ही इस बारे में उन्हें बताया जाता है। उन्होंने इशारा किया कि इस मामले से जुड़े कुछ लोग चालाकी से काम कर रहे हैं। ऐसे में अब उनका परिवार यह सुनिश्चित करेगा कि उनकी बहू एक्शन कमेटी की सभी बैठकों में शामिल हों।
आप विधायकों के घरों के बाहर प्रदर्शन, चिपकाए लानत पत्र
एक्शन कमेटी ने मानसा से आप विधायक डॉ. विजय सिंगला के घर के बाहर प्रदर्शन किया। सरदूलगढ़ के विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली और बुढलाडा के विधायक प्रिंसिपल बुध राम के घरों को भी प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। प्रदर्शन के दौरान एक्शन कमेटी और झोटा के समर्थकों ने आप विधायकों के घरों के बाहर लानत पत्र चिपकाए।
दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रितपाल बलियावाल ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे। सबसे पहले वह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद तुरबंजारा में गुलजार सिंह के परिवार से मिलने जाएंगे। शाह शाम को लुधियाना में दशहरा पर्व में भी शामिल हो सकते हैं। उनके दौरे को देखते हुए मानसा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
तलवंडी साबो में बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
झोटा हत्याकांड के विरोध में तलवंडी साबो की विधायक प्रो. बलजिंदर कौर के घर के बाहर किसान यूनियन और शिरोमणि अकाली दल बादल के समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी निंदा पत्र लेकर विधायक के घर की ओर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए।
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विधायक की कोठी के बाहर लानत पत्र चिपका दिया।
रोपड़ में विधायक दिनेश चड्ढा के कार्यालय के बाहर लगाया लानत पत्र
मानसा मोर्चा के आह्वान पर रोपड़ में शिरोमणि अकाली दल समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विधायक दिनेश चड्ढा के कार्यालय के बाहर लानत पत्र लगाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष जताया।
जब प्रदर्शनकारी विधायक के कार्यालय के बाहर लानत पत्र लगाने के लिए आगे बढ़े, तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई।
इसके बाद प्रदर्शनकारी विधायक दिनेश चड्ढा के कार्यालय तक पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान कुछ नेता गिर गए।
विभिन्न संगठनों के नेताओं ने परमिंदर सिंह झोटे की हत्या को कथित तौर पर सरकारी साजिश बताते हुए आरोप लगाए। नेताओं ने विधायक दिनेश चड्ढा पर भी विभिन्न आरोप लगाए।
कोटकपूरा में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के घर के बाहर धरना
कोटकपूरा के गांव संधवां में झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर एक्शन कमेटी के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के घर के बाहर धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक्शन कमेटी की मांगों से संबंधित लाहनत पत्र भी सौंपा।
फरीदकोट में विधायक गुरदित सिंह सेखों के घर के बाहर प्रदर्शन
मानसा के परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर फरीदकोट में विभिन्न संगठनों ने एक्शन कमेटी के आह्वान पर आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदित सिंह सेखों के घर के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपनी मांगों से संबंधित लाहनत पत्र सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा की हत्या को केवल एक नशा तस्कर की कार्रवाई मानकर मामले को सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.