बिहार के हाजीपुर में फोरलेन पुल का स्ट्रक्चर गिरा, 7 मजदूर घायल

HIGHLIGHTS
- घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया
- एक मजदूर की हालत काफी गंभीर बताई गई है
- फंसे मजदूर को ग्रामीण पानी पिलाकर जीवित रखने की कोशिश कर रहे थे
हाजीपुर। लालगंज प्रखंड के जलालपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन पुल अचानक गिर गया। हादसे में 5 से 7 मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, एक मजदूर अभी भी लोहे के स्ट्रक्चर में फंसा हुआ है और उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फंसे हुए मजदूर को लोग पानी पिलाकर जिंदा रखने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल है और हजारों की संख्या में ग्रामीण वहां जमा हैं।
सेफ्टी टूल नहीं दिए जाने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फोरलेन निर्माण कंपनी की ओर से मजदूरों को किसी तरह के सेफ्टी टूल उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका कहना है कि हादसे के बाद भी लोहे के स्ट्रक्चर में फंसे मजदूर को बाहर निकालने के लिए कंपनी की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
घायल मजदूर मुजफ्फरपुर जिले का बताया जा रहा है। बाकी मजदूरों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। घटनास्थल पर हजारों ग्रामीण मौजूद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कंपनी ने किसी भी तरह के सेफ्टी टूल का इस्तेमाल नहीं किया। साथ ही, फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकालने के लिए भी फोरलेन निर्माण कंपनी की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज सदर टू एसडीपीओ गोपाल मंडल, कई अन्य थानों से पुलिस बल, लालगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी सुजीत कुमार, स्थानीय मुखिया सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे को कई घंटे बीत जाने के बाद भी उचित राहत और बचाव कार्य नहीं होने से लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.