बेगूसराय में जागरण कार्यक्रम के दौरान हंगामा, दरोगा पर महिला डांसर को थप्पड़ मारने का आरोप

HIGHLIGHTS
- घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान की है।
- 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात पूजा पंडाल में जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
- महिला कलाकार के अनुसार, रात करीब तीन बजे पुलिस पदाधिकारी कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे थे।
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पानगाछी चौक स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान में नवरात्रि के दौरान आयोजित जागरण कार्यक्रम में विवाद का मामला सामने आया है। कार्यक्रम का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है।
महिला डांसर ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे दरोगा ने मंच पर आकर उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके अलावा, विरोध कर रहे लोगों पर सरकारी पिस्टल तानने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष ने जांच के निर्देश दिए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस कार्यालय की ओर से 21 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो से जुड़े मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे दरोगा पर दुर्व्यवहार का आरोप
जानकारी के अनुसार, 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात पानगाछी स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान के पूजा पंडाल में जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच पर डांस प्रस्तुति चल रही थी। देर रात करीब तीन बजे दरोगा कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे।
महिला कलाकार के मुताबिक, पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर उन्होंने डांस रोक दिया था। इसके बाद जब वह वहां से जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी उन्हें थप्पड़ मार दिया गया। कलाकार ने अपने आयोजक के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया है।
महिला डांसर का कहना है कि यदि कार्यक्रम बंद कराना था, तो पुलिस उन्हें और आयोजकों को उचित तरीके से निर्देश दे सकती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि डांस रोकने के बाद भी उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। कलाकार ने दरोगा से अपने और आयोजक के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि कार्यक्रम बंद कराना जरूरी था, तो आयोजकों से बातचीत करके या लाउडस्पीकर बंद करवाकर कार्रवाई की जा सकती थी।
पुलिस विज्ञप्ति में अव्यवस्था का जिक्र
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया गया है कि जागरण कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अशोभनीय डांस किए जाने और उससे पैदा हुई अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए वहां तैनात पुलिस पदाधिकारी मंच पर पहुंचे थे।
विज्ञप्ति में मंच पर पहुंचकर डांस कर रही लड़कियों को हटाने और आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनने का भी उल्लेख किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.