हरिद्वार में भगवा रंग में रंगे लाखों कांवड़िए, हर तरफ गूंज रहा 'बम-बम भोले'

HIGHLIGHTS
- हरिद्वार में लाखों कांवड़िए भगवा रंग में भगवान शिव की भक्ति में डूबे हैं।
- कांवड़ यात्रा में जाति, उम्र और पहचान का भेद मिटता नजर आ रहा है।
- जिलाधिकारी ने CCTV, ड्रोन, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान धर्मनगरी हरिद्वार आस्था में डूबी हुई है। गंगा घाटों से लेकर कांवड़ पटरी तक हर ओर भगवा रंग नजर आ रहा है। लाखों शिवभक्त कंधों पर कांवड़ उठाकर अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
कांवड़िए हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा में कई कांवड़ियों की घर पर अलग पहचान होती है, लेकिन हरिद्वार पहुंचने के बाद उनका नाम और पहचान पीछे छूट जाती है। कोई शिवम, कार्तिक, मोहित या राजू हो, यहां सभी की जुबान पर सिर्फ ''भोला'' नाम रहता है।
घर से निकलते समय मां-बाप और दोस्त उन्हें उनके असली नाम से पुकारते हैं। वहीं कांवड़ यात्रा शुरू होते ही साथी कांवड़िए उन्हें प्यार से ''भोला'' कहकर बुलाते हैं। यह नाम उनके लिए थकान दूर करने का जरिया भी बन गया है।
रास्ते में साथी कांवड़िए एक-दूसरे को पानी पिलाते हैं। कंधे से कांवड़ संभालते हुए वे ''चल भोले, थोड़ा और चलना है'' कहकर एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हैं। कांवड़ मेले की खास बात यह है कि यहां जाति, उम्र, शहर और पहचान का अंतर मिट जाता है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य हिस्सों से पहुंचे शिवभक्त एक ही रंग में रंगे नजर आते हैं। उनकी मंजिल और आस्था दोनों भगवान शिव में एक जैसी है।
वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में चल रही कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीआर में बनाए गए सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरी व्यवस्था की निगरानी करने तथा यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर सीधी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के बाद कुछ अंतराल के बाद ही कुंभ का आयोजन होना है। इस दौरान सामने आने वाली सभी खामियों को सभी विभाग सूचीबद्ध करेंगे। जिलाधिकारी ने अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.