काशीपुर में भीषण सड़क हादसा, डीसीएम की टक्कर से तीन की मौत और चार घायल

HIGHLIGHTS
- परिवार रामनगर से ट्रेन द्वारा काशीपुर पहुंचा था।
- सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
- हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
काशीपुर। जसपुर के पास बड़ी नहर के नजदीक तेज रफ्तार डीसीएम ने शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरे ई-रिक्शा को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कुंडा निवासी 26 वर्षीय शहजाद अली पुत्र रमजानी, सावलदे रामनगर निवासी 65 वर्षीय शमशीदा पत्नी हुकूमत अली और उनके जेठ 75 वर्षीय शौकत अली पुत्र पिराअली के रूप में हुई है।
हादसे के बाद डीसीएम चालक फरार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुंडा कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग रामनगर से ट्रेन के जरिए काशीपुर पहुंचे थे। यहां से वे ई-रिक्शा में सवार होकर मृतका शमशीदा की बहन जुबेदा के घर भूतपुरी जा रहे थे। जुबेदा के बेटे जाकिर की शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार निकला था।
ई-रिक्शा जैसे ही बड़ी नहर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की जान चली गई।
एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में सावलदे रामनगर निवासी 60 वर्षीय हुकूमत अली पुत्र सुबराती, मृतक शौकत अली की 50 वर्षीय पत्नी मोहमद्दी, शमशीदा की बहन स्योहारा निवासी 65 वर्षीय खुर्शीदा पत्नी मोहम्मद अली और हुकूमत अली की बहन चंडिका कादराबाद निवासी 56 वर्षीय कुबरा पत्नी जबीर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, तीनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.