हरियाणा में IPS अधिकारियों की पोस्टिंग फिर बदली, मेघा भूषण को पानीपत तो दीप्ति गर्ग को पलवल की कमान

HIGHLIGHTS
- गृह सचिव सुधीर राजपाल ने तबादलों के नए आदेश जारी किए।
- शनिवार को आठ IPS और एक HPS अधिकारी की नई पोस्टिंग हुई।
- दीप्ति गर्ग को गृह जिले में तैनाती के चलते पदभार ग्रहण नहीं करना पड़ा।
चंडीगढ़। हरियाणा में तीन आइपीएस अधिकारियों का दो दिन के अंतराल में ही दोबारा तबादला कर दिया गया है। वीरवार देर रात जारी हुए आदेश के अनुसार, पलवल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाई गईं मेघा भूषण को अब पानीपत का एसपी नियुक्त किया गया है।
वहीं, पानीपत की एसपी बनाई गईं दिप्ति गर्ग को अब पलवल की नई एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया को पहले करनाल से स्थानांतरित कर एसटीएफ मुख्यालय में एसपी बनाया गया था। अब उन्हें वहां से हटाकर प्रथम आइआरबी (भौंडसी) में कमांडेंट नियुक्त किया गया है।
पूजा डाबला का तबादला आदेश रद
इसके साथ ही भौंडसी स्थित प्रथम आइआरबी में कार्यवाहक कमांडेंट बनाई गईं एचपीएस अधिकारी पूजा डाबला के तबादले का आदेश भी रद कर दिया गया है।
गृह सचिव सुधीर राजपाल ने वीरवार देर रात 29 आइपीएस और एक एचपीएस अधिकारी के तबादले के आदेश जारी किए थे।
शनिवार को तबादलों की एक और सूची जारी की गई, जिसमें आठ आइपीएस और एक एचपीएस अधिकारी का स्थानांतरण किया गया। डीसीपी झज्जर से स्थानांतरित की गईं आइपीएस दीप्ति गर्ग पानीपत की मूल निवासी हैं। गृह जिले में तैनाती और प्रशासनिक नियमों के चलते उन्होंने पानीपत में पदभार ग्रहण नहीं किया था।
तबादला आदेश में किया गया बदलाव
इसके बाद सरकार ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए तबादला आदेश में संशोधन किया और दीप्ति गर्ग को पलवल भेज दिया। वहीं, मेघा भूषण इससे पहले डीसीपी (ईस्ट) सोनीपत के पद पर तैनात थीं। उन्हें वीरवार को पलवल का एसपी नियुक्त किया गया था, लेकिन नए आदेश के तहत अब उन्हें एसपी पानीपत बनाया गया है।
इसके अलावा आइपीएस लोकेंद्र सिंह को एसपी सीआइडी-1 (सुरक्षा) और एटीएस के प्रभार से हटाकर एसपी राज्य अपराध ब्यूरो नियुक्त किया गया है। आइपीएस सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ (पंचकूला) से स्थानांतरित कर कमांडेंट, पांचवीं बटालियन, एचएपी (मधुबन) की जिम्मेदारी दी गई है।
वरुण सिंगला एसपी सीआइडी (सुरक्षा) के पद के साथ एसपी आतंक निरोधी दस्ते (एटीएस) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, विक्रांत भूषण को एसपी एसटीएफ के पद से हटाकर एसपी हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पंचकूला नियुक्त किया गया है।
अमित यशवर्धन एसपी सुरक्षा (सीआइडी) की जिम्मेदारी के साथ एसपी कमांडो (नेवल) का अतिरिक्त कार्यभार भी देखेंगे। एसपीएस अनिल कुमार को एसपी एसटीएफ (करनाल) से स्थानांतरित कर एसपी हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (करनाल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.