दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, कई इलाकों में जलभराव

HIGHLIGHTS
- दिल्ली-NCR में बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
- कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात और स्थानीय कारोबार प्रभावित हुआ।
- मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई, दिल्ली का AQI संतोषजनक श्रेणी में दर्ज हुआ।
नई दिल्ली। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया।
हालांकि बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मध्य दिल्ली के सदर बाजार इलाके में बारिश के बाद घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। जलभराव के कारण स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हुआ और बारिश से निपटने की तैयारियों पर सवाल उठे।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य से नीचे या इसके आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज
मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूप निकलने पर उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
दिल्ली का AQI संतोषजनक श्रेणी में
वहीं, मंगलवार सुबह 10 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 77 दर्ज किया गया। इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.