हेमंत सोरेन की ईडी कोर्ट में पेशी टली, 21 सितंबर को होगी अगली सुनवाई

HIGHLIGHTS
- हेमंत सोरेन की ओर से अदालत में पेशी से छूट के लिए याचिका दाखिल की गई।
- अधिवक्ता ने संवैधानिक दायित्वों में व्यस्त होने का कारण बताया।
- अदालत ने सोमवार शाम चार बजे तक पेश होने का निर्देश दिया है।
रांची। बड़गाई अंचल की जमीन से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शनिवार को ईडी कोर्ट में होने वाली पेशी टल गई। उनकी पेशी नहीं होने के कारण मामले में आरोप गठन को लेकर होने वाली सुनवाई भी नहीं हो सकी।
हेमंत सोरेन की ओर से उनके अधिवक्ता ने ईडी की विशेष अदालत में याचिका दाखिल की। इसमें कहा गया कि प्रार्थी संवैधानिक दायित्वों में व्यस्त हैं, इसलिए उनका अदालत में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से उपस्थित होना संभव नहीं है।
अधिवक्ता ने अदालत से आरोप तय करने की प्रक्रिया के लिए अगली तारीख देने का अनुरोध किया। अदालत ने आवेदन पर विचार करने के बाद मामले की अगली सुनवाई के लिए 21 सितंबर की तारीख तय की है। साथ ही हेमंत सोरेन को सोमवार शाम चार बजे तक वर्चुअल या फिजिकल मोड में अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।
उनकी उपस्थिति के बाद अदालत आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सुनवाई करेगी और आरोप गठन की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। यह मामला बड़गाई अंचल की करीब 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और मनी लांड्रिंग से संबंधित है।
मामले में कुल 17 आरोपितों में से 16 के खिलाफ आरोप गठित किए जा चुके हैं। अब केवल हेमंत सोरेन पर आरोप तय किया जाना बाकी है। ईडी की जांच के बाद मामले की सुनवाई ईडी की विशेष अदालत में चल रही है।
राज कुमार पाहन पर आरोप तय
बड़गाई अंचल की जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में आरोपित राज कुमार पाहन के खिलाफ शनिवार को ईडी कोर्ट में आरोप गठित कर दिए गए। इसी मामले में पूर्व में आईएएस छवि रंजन समेत 15 आरोपितों पर आरोप तय किए जा चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.