IIT ISM धनबाद: छात्र हॉस्टल की 8वीं मंजिल से गिरा, मौत

HIGHLIGHTS
- मृतक छात्र पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहा था।
- घटना शुक्रवार रात संस्थान के एक्वामरीन हॉस्टल में हुई।
- छात्र को असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी आईएसएम) धनबाद में शुक्रवार रात एक दुखद घटना हुई। यहां बीटेक पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र माने प्रतीक राजकुमार ने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद संस्थान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक छात्र महाराष्ट्र का रहने वाला था और आईआईटी परिसर के एक्वामरीन हॉस्टल में रह रहा था।
हॉस्टल परिसर में मची अफरा-तफरी
घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल वार्डन, सुरक्षा अधिकारी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और संस्थान के अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने छात्र को तत्काल असर्फी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संस्थान प्रशासन ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शुरुआती पड़ताल में दोस्तों और अन्य छात्रों से मिली जानकारी के आधार पर आत्महत्या के पीछे निजी और पारिवारिक कारण बताए जा रहे हैं। फिलहाल धनबाद थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्र के माता-पिता और परिजनों के धनबाद पहुंचने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
पहले भी सामने आ चुकी हैं आत्महत्या की घटनाएं
आईआईटी आईएसएम धनबाद परिसर में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आत्महत्या और संदिग्ध मौत की कई घटनाएं हो चुकी हैं। सितंबर 2018 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पीएचडी छात्र रंजन राठी ने जैस्पर हॉस्टल के डी ब्लॉक में फांसी लगाकर जान दे दी थी।
इसके बाद दिसंबर 2022 में हैदराबाद निवासी और 2018 बैच के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र चेरूकुरी प्रवीण का शव अंबर हॉस्टल में गमछे के सहारे लटका मिला था।
संस्थान के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौत के मामले भी आए सामने
आईआईटी परिसर में कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों से जुड़े आत्महत्या के मामले भी सामने आ चुके हैं। जनवरी 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में जूनियर तकनीशियन के पद पर कार्यरत दीपक कुमार ने अपने स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। वह बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला था।
जुलाई 2024 में कमांडो कंपनी के सुरक्षा गार्ड राजू गिरी ने भी आत्महत्या कर ली थी। वह बिहार के गया जिले के टेकारी का निवासी था।
इसके अलावा मार्च 2025 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के बीटेक छात्र तन्मय प्रजापति की हॉस्टल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इंदौर निवासी तन्मय के शव के पास से इंजेक्शन की सुई बरामद की गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.