वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट के पायलट ने उड़ान से किया इनकार, यात्री परेशान

HIGHLIGHTS
- पायलट ने तबीयत खराब होने का हवाला दिया
- यात्रियों ने समय पर जानकारी नहीं मिलने का आरोप लगाया
- संबंधित पायलट की निर्धारित ड्यूटी का समय पूरा हो चुका था
वाराणसी। काशी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E 6544) के पायलट ने अचानक विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। हालांकि, उस समय बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी और उसकी तैयारियां चल रही थीं। सभी यात्री टर्मिनल बिल्डिंग के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (एसएचए) में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
सिक्योरिटी होल्ड एरिया में हुआ हंगामा
निर्धारित कार्यक्रम के तहत इंडिगो की फ्लाइट को वाराणसी से मुंबई के लिए रवाना होना था। यात्री सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में बैठे थे और बोर्डिंग की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि पायलट ने तबीयत खराब होने का हवाला देकर विमान उड़ाने से मना कर दिया है। अचानक सामने आई इस जानकारी के बाद यात्रियों के बीच खलबली मच गई।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
उड़ान में अचानक देरी और स्थिति स्पष्ट नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में मौजूद यात्रियों का गुस्सा सामने आ गया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइन प्रबंधन की ओर से उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। उनका कहना था कि आखिरी समय पर इस तरह की परेशानी से उनका पूरा शेड्यूल प्रभावित हो गया है।
ड्यूटी टाइम को लेकर सामने आया पेंच
सूत्रों के अनुसार, संबंधित पायलट की ड्यूटी का तय समय पूरा हो चुका था। इसी वजह से वह नियमों के मुताबिक आगे की उड़ान से पहले आराम करना चाहता था। बताया गया कि ड्यूटी रोस्टर और प्रबंधन के बीच समन्वय की कमी के कारण यह स्थिति बनी।
वैकल्पिक व्यवस्था में जुटा इंडिगो प्रबंधन
यात्रियों के विरोध और हंगामे के बाद इंडिगो प्रबंधन सक्रिय हुआ। एयरलाइन अधिकारियों ने स्थिति संभालने के लिए वैकल्पिक क्रू मेंबर या दूसरी व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू कर दी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.