लखनऊ में पुलिस या सेना के जवान की हत्या की साजिश नाकाम, यूपी ATS ने 4 को दबोचा

HIGHLIGHTS
- गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल हैं।
- आरोपी 29 अक्टूबर की रात लखनऊ पहुंचे थे।
- पाकिस्तानी हैंडलर ने आने-जाने के लिए 2,585 रुपये भेजे थे।
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है। आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के निर्देश पर ये लोग लखनऊ में पुलिस या सेना के किसी जवान की हत्या करने पहुंचे थे। इस काम के बदले उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। एटीएस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं।
एटीएस के अनुसार, उसे जानकारी मिली थी कि शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े पंजाब के कुछ युवक सेना या पुलिस के किसी प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं। जांच के दौरान गगनदीप सिंह और उसके साथियों के नाम सामने आए। ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। इसके बाद एटीएस ने 30 अक्टूबर को लखनऊ से चारों को गिरफ्तार कर लिया।
अमृतसर से दिल्ली होते हुए लखनऊ पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर से दिल्ली के रास्ते रवाना हुए थे। इसके बाद 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे लखनऊ पहुंचे। आरोपियों के मुताबिक, राना भाई ने उनके आने-जाने के किराये के लिए 2,585 रुपये भेजे थे। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर उसे भेजा था।
आरोपियों ने बताया कि राना भाई ने उन्हें जानकारी दी थी कि पाकिस्तान से हथियार और कारतूस भेजे गए हैं। लखनऊ में उसके एक साथी ने उन्हें पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए थे। आरोप है कि हत्या करने के बाद उसका वीडियो बनाकर भेजने के बदले तीन लाख रुपये देने की बात कही गई थी। वारदात के बाद उन्हें नेपाल जाकर छिपने के लिए कहा गया था।
मोबाइल में मिले संदिग्ध वीडियो और विदेशी नंबरों से बातचीत
एटीएस की जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से विदेशी नंबरों पर बातचीत, संदिग्ध वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी से जुड़ी जानकारियां मिली हैं। आरोप है कि वे इन प्रतिष्ठानों की लोकेशन भी पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहे थे।
इस मामले में एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब एटीएस आरोपियों के अन्य साथियों और साजिश में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही पूरे मामले में हुए पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गगनदीप सिंह (26): अमृतसर
रजत कुमार (19): अमृतसर
दिश (21): गुरदासपुर
एक बाल अपचारी
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.