झारखंड: इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, पति ने पत्नी की प्रेमी से करा दी शादी

HIGHLIGHTS
- इंस्टाग्राम के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी।
- पति ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने फैसले पर कायम रहे।
- विवाह के दौरान गैलेक्सी मैदान निचला टोला में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
साहिबगंज। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के गैलेक्सी मैदान निचला टोला में गुरुवार को एक अनोखा प्रेम विवाह चर्चा में रहा। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ आठ साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करते हुए उसका विवाह उसके प्रेमी से करा दिया।
नयाटोला निवासी विनोद मंडल की शादी करीब आठ साल पहले कोदरजन्ना में हुई थी। विनोद मंडल ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी पत्नी की इंस्टाग्राम के जरिए बाखरपुर निवासी गोलू कुमार से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
अपने फैसले पर कायम रहे प्रेमी-प्रेमिका
विनोद के अनुसार, उसने कई बार पत्नी और उसके प्रेमी को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। इसके बाद विनोद मंडल ने दोनों की इच्छा को देखते हुए अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी गोलू कुमार से कराने का फैसला किया।
गुरुवार को गैलेक्सी मैदान निचला टोला में दोनों का विवाह कराया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई।
'अपनी इच्छा और सहमति से विवाह किया'
नवविवाहित प्रेमी जोड़े ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा और आपसी सहमति से शादी की है। दोनों ने कहा कि वे आगे साथ रहकर अपना जीवन बिताना चाहते हैं।
गोलू कुमार ने बताया कि उसके माता-पिता भी इस विवाह के लिए सहमत हैं और वह अपनी पत्नी को अपने साथ रखेगा। आठ साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के बाद पति द्वारा पत्नी की उसके प्रेमी से शादी कराए जाने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.