J&K पुलिस में बड़ा फेरबदल, 14 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले; जम्मू-कश्मीर के IG बदले
By Hitesh — August 27, 2026

HIGHLIGHTS
- तेजिंदर सिंह को जम्मू जोन का नया आईजी बनाया गया
- सुजीत कुमार को कश्मीर जोन की जिम्मेदारी मिली
- शक्ति कुमार पाठक को एसीबी निदेशक नियुक्त किया गया
Author: — Dainik Dehat
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस में गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। सरकार ने 14 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत जम्मू और कश्मीर जोन के आईजी भी बदले गए हैं।
भीम सेन टूटी की जगह तेजिंदर सिंह को जम्मू जोन का नया आईजी बनाया गया है, जबकि सुजीत कुमार को कश्मीर जोन की जिम्मेदारी दी गई है। शक्ति कुमार पाठक को एसीबी निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सीआईडी, सुरक्षा, रेलवे, एसीबी और पुलिस मुख्यालय में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
एमके सिन्हा बने एडीजी सीआईडी, नितिश कुमार को एडीजी आर्म्ड पुलिस की जिम्मेदारी
एमके सिन्हा, आईपीएस (एजीएमयूटी: 1996) को एडीजी मुख्यालय के पद से स्थानांतरित कर एडीजी सीआईडी, जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है। वह नितिश कुमार का स्थान लेंगे। नितिश कुमार, आईपीएस (एजीएमयूटी: 1999) को एडीजी सीआईडी, जम्मू-कश्मीर के पद से स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध एडीजी आर्म्ड पुलिस, जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है।
उत्तम चंद होंगे आईजीपी रेलवे
उत्तम चंद, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2002), जो पुलिस मुख्यालय में आईजीपी (पुलिस ऑपरेशंस एंड सर्विसेज) के पद पर तैनात थे, को स्थानांतरित कर आईजीपी रेलवे, जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है। वह विवेक गुप्ता का स्थान लेंगे। हालांकि, अगले आदेश तक वह आईजीपी (पुलिस ऑपरेशंस एंड सर्विसेज), पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
तेजिंदर सिंह को जम्मू जोन की कमान
भीम सेन टूटी, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2004) को आईजी जम्मू जोन के पद से स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध आईजी मुख्यालय, जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तेजिंदर सिंह, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2008) को आईजी सीआईडी के पद से स्थानांतरित कर आईजी जम्मू जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
सुजीत कुमार, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2007) को आईजी सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर के पद से स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध आईजी कश्मीर जोन नियुक्त किया गया है। वह बीके विरदी का स्थान लेंगे।
विवेक गुप्ता बने आईजी सुरक्षा
विवेक गुप्ता, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2007) को आईजीपी रेलवे, जम्मू-कश्मीर के पद से स्थानांतरित कर आईजीपी सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर नियुक्त किया गया है। वह सुजीत कुमार का स्थान लेंगे।
शक्ति कुमार पाठक को एसीबी निदेशक की जिम्मेदारी
शक्ति कुमार पाठक, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2009) को निदेशक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के पद पर नियुक्त किया गया है।
मुबशिर लतीफी आमिर को डीआईजी आईआर कश्मीर
मुबशिर लतीफी आमिर, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2011), जो पुलिस मुख्यालय में डीआईजी (पर्सनल) के साथ डीआईजी ट्रेनिंग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध डीआईजी आईआर कश्मीर नियुक्त किया गया है।
साहिल सरंगल को पुलवामा, नरेश सिंह को राजौरी की जिम्मेदारी
साहिल सरंगल, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2017) को एसएसपी हंदवाड़ा के पद से स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध एसएसपी पुलवामा नियुक्त किया गया है। उनकी जगह ताहिर सलीम खान, जेकेपीएस (2001) को एसओ टू आईजी कश्मीर जोन के पद से स्थानांतरित कर एसएसपी हंदवाड़ा नियुक्त किया गया है।
सनी गुप्ता, आईपीएस (एजीएमयूटी: 2020), अतिरिक्त एसपी अनंतनाग को स्थानांतरित कर एसएसपी किश्तवाड़ नियुक्त किया गया है। वह नरेश सिंह का स्थान लेंगे।
वहीं, नरेश सिंह, जेकेपीएस (2004) को एसएसपी किश्तवाड़ के पद से स्थानांतरित कर उपलब्ध रिक्ति के विरुद्ध एसएसपी राजौरी नियुक्त किया गया है। मुजफ्फर अहमद शाह, जेकेपीएस (2004), एसएसपी एससीडब्ल्यू कश्मीर को स्थानांतरित कर एसओ टू आईजी कश्मीर जोन नियुक्त किया गया है। वह ताहिर सलीम खान का स्थान लेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.