मध्य प्रदेश: पटवारी ने बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार की नदी, वीडियो वायरल; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

HIGHLIGHTS
- नदी में पूरे साल थोड़ा-बहुत पानी रहने की बात बताई गई है।
- नदी पार करने के बाद ही लालवा केवट के घर और जमीन तक पहुंचा जा सकता है।
- करीब एक साल पहले जंगली जानवरों ने फसल और घर को नुकसान पहुंचाया था।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। बुधवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में माटा ग्राम पंचायत के पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर छोटी नदी पार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि जिस नदी को पटवारी बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार करते दिखाई दे रहे हैं, उसमें पूरे साल थोड़ा-बहुत पानी रहता है। नदी पार करने के बाद ही गांव के बुजुर्ग लालवा केवट के घर और जमीन तक पहुंचा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले सर्दियों के मौसम में लालवा केवट की फसल को भालू समेत अन्य जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। इसके अलावा उनके घरों को भी जंगली जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी। इसी मामले का सर्वे करने के लिए पटवारी नीलेश नामदेव उनके घर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि लालवा केवट के घर तक जाने वाले रास्ते में छोटी नदी पड़ती है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि नदी पार करने के लिए पटवारी ने बुजुर्ग से मदद मांगी थी। इसके बाद लालवा केवट ने पटवारी को अपनी पीठ पर बैठाकर नदी पार कराई।
वीडियो वायरल होने के बाद पटवारी के इस तरीके को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में नजर आ रहे पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पटवारी नीलेश नामदेव का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। ऐसे में उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।
कलेक्टर ने क्या कहा?
सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि वीडियो अभी वायरल हुआ है। मामले की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.