महाराष्ट्र ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा पेपर लीक का खुलासा, कथित प्रेम प्रसंग की कहानी आई सामने

HIGHLIGHTS
- ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की गई थी।
- जुलाई में परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था।
- पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई।
महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में कथित प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका को परीक्षा में पास कराने के लिए पेपर की व्यवस्था कर उसे उपलब्ध कराया। प्रेमिका के परीक्षा पास करने के बाद दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग को पेपर लीक होने की जानकारी दी। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा पेपर लीक मामले की शुरुआत कैसे हुई?
महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा 22 मार्च को आयोजित हुई थी और जुलाई में इसका परिणाम भी जारी कर दिया गया था। बाद में परीक्षा का पेपर लीक होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजतिलक रौशन के अनुसार, जांच के दौरान पेपर लीक मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेमी ने प्रेमिका के लिए कैसे जुटाया पेपर?
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में गौरव राजेंद्र पाटिल भी शामिल है। आरोप है कि गौरव का ऋतुजा पाटिल नाम की युवती के साथ प्रेम संबंध था। उसने ऋतुजा को परीक्षा में पास कराने के लिए कथित तौर पर पेपर की व्यवस्था की और ऋतुजा समेत कुछ अन्य लोगों को उपलब्ध कराया। ऋतुजा परीक्षा में पास हो गई। हालांकि, बाद में गौरव और ऋतुजा के बीच ब्रेकअप हो गया।
ब्रेकअप के बाद किसने दी पेपर लीक की जानकारी?
पुलिस के अनुसार, ब्रेकअप के बाद गौरव ने गुस्से में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग को पेपर लीक होने की जानकारी दी। ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग आयोजित करता है। इसके बाद आयोग ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया और मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
डीसीपी राजतिलक रौशन की निगरानी में हुई जांच के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
छह गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन शामिल?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वेश्वर दत्तात्रय नकाते, गोपाल भटु मराठे, अभिजित गणपतराव लेंडवे, प्रवीण दिलीप पाटिल, गौरव राजेंद्र पाटिल और अमृत नामदेव पाटिल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अमृत पाटिल ऋतुजा के पिता हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ लोग महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग से जुड़े बताए गए हैं। ऋतुजा को क्राइम ब्रांच ने नोटिस दिया है, जबकि अन्य आरोपियों को किला कोर्ट ने दो सितंबर तक क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.