मनाली में बड़ी कार्रवाई: 303 ग्राम चिट्टे के साथ दंपती गिरफ्तार

राज्य में चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त अभियान के तहत मनाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पर्यटन स्थल मनाली के चचोगा (झाड़ग) क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर दंपती के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी चालू वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 303 ग्राम चिट्टा जब्त कर पति-पत्नी दोनों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा भुंतर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक अन्य मामले में जिरकपुर (पंजाब) निवासी युवक को 61.44 ग्राम चिट्टा, एक कार और 7,200 रुपये नकद के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मनाली पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर झाड़ग क्षेत्र में दबिश दी। मुख्य आरक्षी जगदीश कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में संगत राम पुत्र शोभू राम, निवासी गांव चचोगा, के कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसकी पत्नी डिंपल को भी गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि बरामद नशे की खेप की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, कुल्लू पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.