केरल हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, गोद लिए बच्चों को अब अलग पहचान देने पर रोक

HIGHLIGHTS
- केरल हाई कोर्ट ने गोद लिए बच्चों को अलग पहचान देने पर सवाल उठाया।
- अदालत ने कहा कि गोद लिए गए बच्चों को जैविक संतान से अलग मानने का कोई कारण नहीं है।
- जस्टिस पी.वी. कुन्हीकृष्णन ने कहा, 'बेटी तो बेटी होती है, चाहे वह जन्म से हो या गोद ली गई हो।'
कोच्चि। केरल हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि आधिकारिक दस्तावेजों में बच्चों की पहचान 'गोद लिया गया बेटा' या 'गोद ली गई बेटी' के तौर पर दर्ज करना बंद किया जाए।
अदालत ने कहा कि गोद लिए गए बच्चों को जैविक बच्चों से अलग पहचान देने का कोई औचित्य नहीं है। मामले में फैसला सुनाते हुए जस्टिस पी.वी. कुन्हीकृष्णन ने कहा, 'बेटी तो बेटी होती है, चाहे वह जन्म से हो या गोद ली गई हो।'
'गोद लिए बच्चों की अलग श्रेणी पोर्टल से हटाएं'
हाई कोर्ट में एक महिला ने याचिका के जरिए मांग की थी कि सरकारी रिकॉर्ड में उसे अपने पिता की 'बेटी' के रूप में दर्ज किया जाए, न कि 'गोद ली गई बेटी' के तौर पर।
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस पी.वी. कुन्हीकृष्णन ने दोहराया, 'बेटी तो बेटी होती है, चाहे वह जन्म से हो या गोद ली गई हो।'
अपने फैसले में हाई कोर्ट ने केरल सरकार को ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से गोद लिए गए बच्चों की अलग श्रेणी हटाने और कानूनी उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित दिशानिर्देशों में संशोधन करने का आदेश दिया।
36 साल पहले माता-पिता ने लिया था गोद
अदालत ने महिला की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे 'अनमोल' नाम दिया है। उसके माता-पिता ने जून 1990 में उसे गोद लिया था। उस समय उसकी उम्र एक महीने से भी कम थी।
अनमोल को गोद लेने से पहले उसके माता-पिता की शादी को 16 साल से अधिक हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। गोद लेने के बाद से ही उन्होंने अनमोल को अपनी बेटी के रूप में पाला और उसे इसी रूप में माना।
अनमोल के आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में भी उसे अपने माता-पिता की बेटी के तौर पर ही दर्ज किया गया था।
जनवरी 2023 में उसकी मां का निधन हुआ तो कानूनी उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र में उसे केवल बेटी के रूप में उल्लेखित किया गया। लेकिन अक्टूबर 2024 में पिता के निधन के बाद स्थिति बदल गई।
त्रिशूर के तहसीलदार की ओर से जारी कानूनी उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र में अनमोल को पिता की 'गोद ली गई बेटी' के रूप में दर्ज किया गया।
अनमोल का कहना था कि पहचान के साथ जोड़ा गया यह अतिरिक्त शब्द अनावश्यक है। इससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंचती है और उसके निजी इतिहास को लेकर बेवजह सवाल उठ सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.