महंगाई पर खरगे ने मोदी सरकार को घेरा, बोले- भाषणों से नहीं, आम आदमी की थाली से मापी जाएगी तरक्की

HIGHLIGHTS
- खरगे के मुताबिक, गेहूं का आटा 21 रुपये से बढ़कर 69 रुपये हो गया।
- अरहर की दाल की कीमत 75 रुपये से बढ़कर 180 रुपये बताई गई।
- सरसों का तेल 102 रुपये से बढ़कर 263 रुपये और दूध 36 रुपये से बढ़कर 85 रुपये हो गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति का आकलन प्रधानमंत्री के भाषणों की लंबाई से नहीं, बल्कि आम लोगों की थाली में उपलब्ध भोजन और उनकी जेब में बची रकम से होना चाहिए।
खरगे ने कहा कि सरकार ने 12 साल पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन नतीजा इसके उलट रहा। आम लोगों को अब कम सामान मिल रहा है, उनकी जेब खाली होती जा रही है और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से क्या सवाल किया?
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा, 'मोदी जी ने महंगाई कम करने का वादा किया था। लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि आम आदमी की थाली छोटी होती जा रही है, उसकी जेब खाली होती जा रही है और घर चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है'।
उन्होंने आगे सवाल उठाया, 'मोदी जी, देश की तरक्की का पैमाना आपके भाषणों की लंबाई नहीं, बल्कि आम आदमी की थाली में खाना और उसकी जेब में बचा पैसा है। आपकी आर्थिक बदइंतजामी की कीमत आखिर लोग कब तक चुकाते रहेंगे?'
12 साल में कितने बढ़े जरूरी चीजों के दाम?
खरगे ने दावा किया कि मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में महंगाई का बोझ लगातार बढ़ा है और लोग बेबस हैं। उन्होंने वर्ष 2014 और 2026 की कीमतों की तुलना करते हुए कहा कि 2014 में महंगाई घटाने का वादा किया गया था, लेकिन 2026 तक आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ गया है।
खरगे के अनुसार, 2014 से 2026 के बीच जरूरी चीजों की कीमतों में इस तरह बढ़ोतरी हुई है:
गेहूं का आटा: 21 रुपये से बढ़कर 69 रुपये हो गया।
अरहर की दाल: 75 रुपये से बढ़कर 180 रुपये हो गई।
सरसों का तेल: 102 रुपये से बढ़कर 263 रुपये हो गया।
दूध: 36 रुपये से बढ़कर 85 रुपये हो गया।
चावल: 29 रुपये से बढ़कर 71 रुपये हो गया।
सर्वे का हवाला देकर महंगाई पर क्या कहा?
खरगे ने कहा कि अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94 फीसदी तक पहुंच गई है, जबकि थोक महंगाई दर 12.29 फीसदी हो गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि 61 फीसदी परिवारों का घरेलू जरूरतों पर हर महीने होने वाला खर्च पिछले साल की तुलना में 20 फीसदी से अधिक बढ़ गया है। वहीं, 74 फीसदी लोगों को अपने गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।
महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग
कांग्रेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महंगाई के मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि आसमान छूती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार कौन से ठोस कदम उठाने जा रही है।
कांग्रेस ने यह भी मांग की कि सरकार आम परिवारों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए अपनी योजना स्पष्ट करे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.