राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया 'आर्थिक आपदा', बीजेपी ने किया पलटवार

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में चर्चा में हिस्सा लिया।
- भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
- राहुल गांधी ने भारत, अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस में समान रुझान होने की बात कही।
वाशिंगटन। अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक चर्चा के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए।
राहुल गांधी के बयानों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने उन पर भारत की आर्थिक प्रगति को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को बताया एक-दूसरे से जुड़ा
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी से सवाल किया गया कि क्या नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में लोकतंत्र और विविधता को कम करके आंका गया है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस समेत कई देशों में इस तरह के रुझान दिखाई दे रहे हैं। उनके मुताबिक, ये सभी वैश्विक आर्थिक ढांचे में हो रहे बड़े बदलावों से जुड़े हुए हैं।
राहुल गांधी ने ब्लू-कॉलर श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की चुनौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका और फ्रांस जैसे देश अपने श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, जबकि चीन को अपने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की वजह से इस मामले में ऐसी कोई परेशानी नहीं हो रही है।
भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया 'आर्थिक आपदा'
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक आपदा' बताया। उन्होंने इसके पीछे बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं और कमजोर होते विनिर्माण क्षेत्र को जिम्मेदार ठहराया।
राहुल गांधी ने कहा कि देश का आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर चुका था। इस दौरान उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकारी योजनाओं पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यवसायों के साथ कृषि किसी भी अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं, लेकिन भारत में यह रीढ़ टूट चुकी है। निजी निवेश की कमी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े कारोबारी समूह ही आगे बढ़ रहे हैं, जबकि छोटे कारोबारियों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत किए बिना देश का सफल विकास नहीं हो सकता।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
राहुल गांधी के बयानों पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पलटवार करते हुए कहा कि असल में यह आपदा राहुल गांधी के अपने दिमाग में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता, उनका परिवार और उनकी पार्टी खुद आगे बढ़ने में सफल नहीं हो पाए हैं, इसलिए वे देश की अर्थव्यवस्था को आपदा बता रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ जैसी अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाएं भी मानती हैं कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। उन्होंने दावा किया कि भारत 7.1 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है। उनके मुताबिक, देश में प्रति व्यक्ति आय और लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है, लेकिन राहुल गांधी को यह विकास नजर नहीं आता।
वहीं, राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर दुनिया के नेता और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भारत को ग्लोबल ग्रोथ इंजन मानते हैं, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस नेता देश को अलग नजरिए से देखते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.