सऊदी अरब में सुरक्षा खतरे के बीच IndiGo का बड़ा फैसला, 30 नवंबर तक चार शहरों की उड़ानें रद्द

HIGHLIGHTS
- IndiGo ने 30 नवंबर तक सऊदी अरब के चार शहरों के लिए उड़ानें रद्द कीं।
- जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली सेवाएं प्रभावित।
- प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के दौरान दिए गए संपर्क विवरण पर सूचना भेजी जा रही है।
नई दिल्ली। सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ने के बीच IndiGo ने अपनी उड़ानों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने 30 नवंबर तक सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इनमें जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। इस फैसले के बाद सऊदी अरब में IndiGo की हवाई सेवाओं पर जारी असर और बढ़ गया है।
एयरलाइन के मुताबिक, उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के जरिए इसकी सूचना भेजी जा रही है। IndiGo ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों का आकलन कर रही है। यात्रियों को हरसंभव मदद दी जाएगी। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों से बढ़ी चिंता
दरअसल, बीते कुछ दिनों में सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। देश के अलग-अलग शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। ऐसे हालात में विमानन कंपनियां अपनी उड़ानों के संचालन की समीक्षा कर रही हैं। कई एयरलाइंस ने सेवाएं रोकने या उड़ानों के समय में बदलाव करने का फैसला किया है।
एअर इंडिया और अकासा एअर ने भी बढ़ाई उड़ानों पर रोक
IndiGo के अलावा दूसरी भारतीय एयरलाइंस ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाओं में बदलाव किया है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए उड़ानें 30 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं। वहीं, जेद्दा के लिए उनकी सेवाएं अलग-अलग समयसीमा के अनुसार प्रभावित हुई हैं।
इसी तरह अकासा एअर ने भी जेद्दा और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन नवंबर के आखिरी दिनों तक बढ़ा दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.