2070 तक भारत में कितनी होगी हिंदुओं की आबादी? प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में बड़ा अनुमान

HIGHLIGHTS
- प्यू रिसर्च सेंटर ने 2020 से 2070 तक धार्मिक आबादी में संभावित बदलावों पर रिपोर्ट जारी की।
- अगले पांच दशकों में भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने का अनुमान है।
- 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक रह सकती है।
नई दिल्ली। दुनिया में विभिन्न धर्मों की आबादी में आ रहे बदलावों को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर ने एक नई रिपोर्ट जारी की है। इसमें वर्ष 2020 से 2070 के बीच दुनिया के प्रमुख धार्मिक समुदायों की आबादी और उनकी संरचना में संभावित बदलावों का आकलन किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले पांच दशकों में भारत में हिंदुओं की संख्या 17.6 करोड़ बढ़ सकती है। हालांकि, मुस्लिम समुदाय की अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर और युवा आबादी के चलते देश की कुल जनसंख्या में हिंदुओं का अनुपात थोड़ा कम होने की संभावना है।
इसके बावजूद, अनुमान है कि 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक बनी रहेगी।
140 करोड़ के करीब पहुंचेगी हिंदू आबादी
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनियाभर में हिंदुओं की आबादी में 19.9 करोड़ का इजाफा हो सकता है। इसके साथ ही इनकी कुल संख्या करीब 140 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, दुनिया की दूसरी आबादी में इससे अधिक तेजी से वृद्धि होने के कारण वैश्विक जनसंख्या में हिंदुओं का अनुपात 2020 के 15 प्रतिशत से घटकर 2070 में 14 प्रतिशत रह सकता है।
2020 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में हिंदुओं की संख्या करीब 110 करोड़ थी। यह दुनिया की कुल हिंदू आबादी का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा है। भारत के बाद हिंदू आबादी के मामले में नेपाल (2.4 करोड़), बांग्लादेश (1.3 करोड़), पाकिस्तान (50 लाख) और इंडोनेशिया (40 लाख) शीर्ष देशों में शामिल थे।
वर्ष 2070 तक इस स्थिति में बदलाव आने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका दुनिया में पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश बन सकता है। वहीं, करीब 30 लाख हिंदुओं के साथ ऑस्ट्रेलिया नौवें स्थान पर पहुंच सकता है। दूसरी ओर, संयुक्त अरब अमीरात शीर्ष 10 देशों की सूची से बाहर हो सकता है। पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या दोगुनी होकर एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है।
धर्म परिवर्तन का हिंदू आबादी पर कितना असर?
रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक एशिया-प्रशांत क्षेत्र में हिंदुओं की संख्या 19.1 करोड़ बढ़ सकती है। इस क्षेत्र की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी भी 26 प्रतिशत से बढ़कर 28 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, उत्तरी अमेरिका में आप्रवासन के चलते हिंदू आबादी 40 लाख से बढ़कर 90 लाख से अधिक हो सकती है।
धर्म परिवर्तन के प्रभाव पर प्यू रिसर्च ने बताया है कि हिंदू आबादी पर इसका असर बेहद सीमित रहने की संभावना है। हिंदुओं और मुसलमानों में रिटेंशन रेट यानी अपने धर्म में बने रहने की दर 99 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि इन समुदायों के परिवारों में जन्म लेने वाले लगभग सभी लोग बड़े होने के बाद भी उसी धर्म को मानते हैं। इसके मुकाबले ईसाइयों में यह दर 85 प्रतिशत और बौद्धों में 83 प्रतिशत है।
इस्लाम बन सकता है दुनिया का सबसे बड़ा धर्म
प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में वैश्विक धार्मिक आबादी से जुड़ा एक अहम अनुमान मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि को लेकर है। अध्ययन के अनुसार, 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। प्यू रिसर्च के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के मुताबिक, इस बदलाव की मुख्य वजह धर्म परिवर्तन नहीं, बल्कि मुस्लिम समुदाय में अधिक प्रजनन दर है।
आंकड़ों के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही। इसी अवधि में ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धार्मिक समूहों में 1.6 बच्चे प्रति महिला था।
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 में दुनिया में ईसाइयों की आबादी 2.27 अरब और मुसलमानों की संख्या 2.02 अरब थी। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब हो जाएगी, जबकि ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब तक पहुंच सकती है।
अगर आबादी बढ़ने का यही सिलसिला जारी रहता है, तो 2070 तक दुनियाभर में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो सकती है। वहीं, इस दौरान ईसाई आबादी 3 अरब से कुछ कम रहने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.