पौड़ी में गुलदार की खाल के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, हरियाणा में बेचने की थी तैयारी

HIGHLIGHTS
- पौड़ी में पुलिस ने गुलदार की खाल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
- आरोपी पर दो साल पहले फंदा लगाकर गुलदार का शिकार करने का आरोप।
- पुलिस वन्यजीव तस्करी गिरोह की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
पौड़ी जिले में सतपुली थाना पुलिस ने गुलदार की खाल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर वन्यजीव तस्करी के प्रयास का खुलासा किया है। आरोपी कथित तौर पर खाल को हरियाणा में बेचने की तैयारी में था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी सर्वेश पंवार के अनुसार, ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी संदीप धस्माना के पास गुलदार की खाल होने और उसे बेचने की तैयारी की सूचना मिली थी। इसके बाद थानाध्यक्ष सतपुली अनिल चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसने जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था।
आरोपी के अनुसार, इसके बाद उसने गुलदार की खाल निकालकर अपने पास छिपाकर रख ली थी और खरीदार मिलने पर उसे बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि इस प्रकरण में किसी वन्यजीव तस्करी गिरोह की संलिप्तता है या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.