ओरमांझी में दिखा 308 पहियों वाला विशाल मेगा ट्रेलर, देखने के लिए उमड़ी भीड़

HIGHLIGHTS
- यह विशाल ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ था।
- वाहन में उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल के लिए भारी औद्योगिक उपकरण लदा है।
- ट्रेलर को विशेष तकनीकी सावधानी के साथ बेहद धीमी गति से चलाया जा रहा है।
ओरमांझी। रांची-रामगढ़ एनएच-20 पर मंगलवार शाम 308 पहियों वाला विशाल हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर ओरमांझी ब्लॉक चौक पहुंचा तो सड़क किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई सप्ताह से सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे इस विशाल वाहन को देखने के लिए लोग काफी उत्साहित नजर आए।
मेगा ट्रेलर के साथ फोटो और वीडियो बनाने की लोगों में होड़ लग गई। कई लोगों ने सेल्फी लेकर इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। ट्रेलर के गुजरने के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई, जिसके कारण कुछ समय के लिए रांची-रामगढ़ मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, ओरमांझी थाना पुलिस की मौजूदगी में ट्रेलर के आगे बढ़ने के बाद यातायात सामान्य हो गया।
उत्तर प्रदेश जा रहा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, विशेष रूप से तैयार किया गया यह हाइड्रोलिक ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल के लिए भारी औद्योगिक उपकरण लेकर जा रहा है। ट्रेलर का आकार और वजन काफी अधिक है, इसलिए इसे सड़क पर बेहद धीमी रफ्तार से और विशेष तकनीकी सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके सुरक्षित संचालन के लिए ट्रैफिक प्रबंधन के साथ पर्याप्त सड़क स्थान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अब तक उन्होंने इस मेगा ट्रेलर को सोशल मीडिया पर तस्वीरों और वीडियो के जरिए ही देखा था। इतने विशाल वाहन को सामने से गुजरते देख लोगों में काफी उत्सुकता रही। ट्रेलर की लंबाई-चौड़ाई और 308 पहियों को देखने के लिए राहगीर भी कुछ देर रुकते दिखाई दिए।
प्रतिदिन सीमित दूरी तय कर रहा
अपने विशाल आकार और धीमी गति के चलते यह ट्रेलर हर दिन सीमित दूरी ही तय कर पा रहा है। इसके ओरमांझी से गुजरने की जानकारी आसपास के इलाकों में भी फैल गई थी। इसे देखने के लिए लोगों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी और लोग घंटों तक इस विशाल वाहन के गुजरने का इंतजार करते नजर आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.