जेल में प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल से मिले दर्जनों पोर्न वीडियो, फोरेंसिक जांच में खुलासा

HIGHLIGHTS
- 11 अगस्त को क्राइम ब्रांच की छापेमारी में जेल सेल से फोन, चार्जर और पेन ड्राइव मिली।
- फोरेंसिक जांच में मोबाइल में दर्जनों पोर्न वीडियो पाए गए।
- फोन मिलने के बाद जेल के एक अधिकारी को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए।
बेंगलुरु। जेल में बंद जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस की फोरेंसिक जांच में दर्जनों पोर्न वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पिछले महीने क्राइम ब्रांच की छापेमारी के दौरान रेप के दोषी रेवन्ना को जेल की कोठरी में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं। रेप मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। फिलहाल वह बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद हैं।
11 अगस्त को जेल में हुई थी अचानक छापेमारी
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने 11 अगस्त को जेल में अचानक छापेमारी की थी। इस दौरान रेवन्ना को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया। अधिकारियों ने जिस हाई-सिक्योरिटी बैरक में उन्हें रखा गया था, वहां से एक चार्जर, पेन ड्राइव और नोटबुक भी बरामद की थी।
जब्त किए गए मोबाइल फोन और पेन ड्राइव को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल फोन में दर्जनों पोर्न वीडियो मिले, जबकि पेन ड्राइव में वेब सीरीज पाई गईं। इस घटना के बाद बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में वीआईपी कैदियों को मिलने वाली विशेष सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
48 वर्षीय महिला ने लगाया था दुष्कर्म का आरोप
रेवन्ना को पिछले साल रेप और 48 वर्षीय महिला के यौन उत्पीड़न के वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। हासन जिले के होलेनरासीपुरा स्थित रेवन्ना परिवार के फार्महाउस में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने कई बार उसका रेप किया।
महिला का आरोप था कि रेवन्ना ने इस हरकत का वीडियो भी बनाया था और किसी को जानकारी देने पर उसे वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी थी।
रेवन्ना की सेल से मोबाइल फोन मिलने के बाद जेल के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था। साथ ही मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.