सीतापुर में घर में लगी भीषण आग, मां-बेटे की मौत; बेटी की हालत नाजुक

HIGHLIGHTS
- गोपालपुर गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग लगी।
- आग में 11 वर्षीय कृष्णा की मौत हुई, जबकि मां गौरी ने लखनऊ ले जाते समय दम तोड़ दिया।
- 17 वर्षीय काजल गंभीर रूप से झुलसी, उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीतापुर। गोपालपुर गांव में रविवार सुबह एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, उस समय परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। आग कुछ ही देर में तेजी से फैल गई, जिसकी चपेट में आने से घर में मौजूद मां, बेटी और बेटा झुलस गए। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग के साथ एंबुलेंस को भी दी गई।
आरोप है कि समय पर मदद नहीं पहुंचने के कारण बेटे की घर में ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी मां ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घर में पेट्रोल बेचने के लिए केन में रखा गया था, जिसके चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे के अलावा मिश्रिख और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
लखनऊ ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम
गोपालापुर निवासी कमलेश ने बताया कि रविवार सुबह वह दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। करीब पौने सात बजे उसने अचानक घर से आग की लपटें उठती देखीं। वह घर की ओर दौड़ा, लेकिन गांव के लोगों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद काफी प्रयास कर आग बुझाने की कोशिश की गई।
कमलेश के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, उससे पहले ही गांव के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
आग की चपेट में आने से 11 वर्षीय कृष्णा की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, 40 वर्षीय गौरी और उनकी 17 वर्षीय बेटी काजल गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य गौरी को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.